मोटर मैकेनिक को GST नंबर अप्लाई करना पड़ा भारी, आया 5 करोड़ का नोटिस

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 11:36 AM (IST)

साहनेवाल (जगरूप): साहनेवाल के रहने वाले एक मोटर मैकेनिक को जी.एस.टी. नंबर अप्लाई करना उस समय महंगा पड़ गया जब उसके घर पर ई.डी. ने छापेमारी कर दी और उसे जी.एस.टी. विभाग की ओर से 5 करोड़ रुपये का नोटिस थमा दिया गया। आपबीती बताते हुए जसवीर सिंह निवासी साहनेवाल ने जी.एस.टी. विभाग द्वारा भेजे गए नोटिस की कॉपी दिखाते हुए बताया कि वह लंबे समय से बिजली की मोटर रिपेयर करने का काम करता है। उसके साथ ही उनके गांव के एक लड़के हरमन ने 'हरमन कैफे' खोला हुआ था जिसके बाहर जी.एस.टी. नंबर, इन्कम टैक्स रिटर्न, बैंक लोन और अन्य सरकारी काम करवाने का बोर्ड लगा हुआ था।

बोर्ड देखकर जसवीर ने सोचा कि क्यों न वह बैंक लोन लेकर अपना काम बढ़ा ले। इसके लिए वह कैफे मालिक हरमन के पास गया। हरमन ने कहा कि बैंक लोन लेने के लिए सबसे पहले जी.एस.टी. नंबर लेना होगा। जसवीर ने हरमन द्वारा मांगे गए सभी कागजात उसे सौंप दिए। हालांकि कुछ समय इंतजार के बाद न तो जी.एस.टी. नंबर आया और न ही लोन मिला लेकिन साल 2022 में एक दिन सुबह 3 बजे ई.डी. विभाग के अधिकारियों ने उनके घर पर छापेमारी कर दी। उस समय जसवीर और उसकी पत्नी घर में अकेले थे। ई.डी. की टीम ने उनके मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए और घर के दरवाजे बंद कर दिए। पूछताछ के दौरान जब जसवीर को पूरी कहानी पता चली तो उसने बताया कि उसने जी.एस.टी. नंबर के लिए कागजात पड़ोसी कैफे संचालक को दिए थे।

मौके पर ई.डी. की टीम ने हरमन और उसके पिता को बुलाया जिन्होंने बयान दिया कि कागजात जी.एस.टी. नंबर के लिए लिए गए थे जो आगे एक सी.ए. को भेजे गए थे। दावा किया गया कि सी.ए. के दफ्तर से किसी ने ये कागजात चोरी कर उनका गलत इस्तेमाल किया। हरमन और सी.ए. ने उस समय भरोसा दिया था कि मामला सुलझ जाएगा लेकिन अब दोबारा 5 करोड़ रुपए का नोटिस आने से पूरा परिवार सहमा हुआ है।

जसवीर सिंह ने इंसाफ की गुहार लगाई है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और असली दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। दूसरी ओर, कैफे मालिक हरमन सिंह संधू ने कहा कि उन्होंने कागजात आगे सी.ए. को दिए थे और वह पीड़ित परिवार के साथ हैं और चाहते हैं कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News