गुरदासपुर सेंट्रल जेल में कैदियों को सताया कोरोना का डर,भूख हड़ताल पर बैठे

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2020 - 08:45 AM (IST)

गुरदासपुरःकोरोना वायरस से बचाव के लिए पैरोल की मांग कर रहे जिला गुरदासपुर केंद्रीय जेल के 850 कैदी तथा हवालाती वीरवार को भूख हड़ताल पर चले गए। कैदियों ने जेल प्रशासन तथा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर आरोप लगाया कि जेल प्रशासन द्वारा एक बैरक में लगभग 100 के करीब कैदियों और हवालातियों को ठूंसकर रखा गया है। ऐसे में उन्हें भी कोरोना का खतरा है।

उन्होंने दो दिन पहले जेल अधीक्षक से मांग भी की थी कि कोरोना के बचाव के लिए उन्हें पैरोल पर घर भेजा जाए, मगर उन्होंने सरकारी आदेशों का हवाला देकर उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया। इसी के विरोध में बुधवार को 100 कैदी और हवालाती भूख हड़ताल पर गए थे। अब वीरवार को सभी 850 जेल के कैदी हड़ताल में शामिल हो गए। जेल में महिला कैदियों की संख्या लगभग 70-80 के करीब है। वो भी हड़ताल पर बैठ गईं हैं।

इस संबंध में जेल अधीक्षक बलकार सिंह भुट्टर ने कहा कि मामला उनके नोटिस में है। कुछ शरारती तत्व जेल का माहौल बिगाड़ने के लिए इस प्रकार की हरकतें कर रहे हैं। अभी उनके पास कैदी या हवालातियों को पैरोल पर भेजने के लिए कोई सरकारी आदेश नहीं है। जेल में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध हैं और कैदियों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

कैदियों के लिए सरकार चिंतित

उधर, सरकार कैदियों में कोरोना का संक्रमण न हो इसके लिए चिंतित है। सरकार ने जेलों में कैदियों की संख्या कम करने के लिए सभी जेलों में बंद कुल 6000 कैदियों की अस्थायी रिहाई का फैसला किया है। कैदियों को 6 सप्ताह तक की अस्थाई रिहाई मिल सकती है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News