Gurdaspur : ग्रेनेड जैसी चीज मिलने से मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचे बड़े अधिकारी
punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 11:16 PM (IST)
गुरदासपुर (हरजिंद्र गोराया) : गुरदासपुर के गीता भवन मेन बाजार में उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब वहां ग्रेनेड जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे बाजार को एहतियात के तौर पर बंद करवा दिया।
पुलिस ने संदिग्ध वस्तु के चारों ओर बोरी लगाकर इलाके को सील कर दिया, ताकि किसी भी तरह का खतरा टाला जा सके। साथ ही आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी गई है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि यह वस्तु वहां कैसे पहुंची।
मौके पर पुलिस के कई उच्च अधिकारी भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच को तेजी से आगे बढ़ाया। फिलहाल अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वस्तु असली है या नकली, और न ही इसके पीछे किसी संदिग्ध तत्व की पुष्टि हुई है। घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच डर और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।


