जालंधर में आधे दिन की छुट्टी का ऐलान, जानें कौन-कौन से संस्थान रहेंगे बंद
punjabkesari.in Saturday, Oct 04, 2025 - 08:20 PM (IST)

जालंधर : जालंधर वासियों के लिए प्रशासन की तरफ से एक अहम सूचना सामने आई है। जिला प्रशासन ने 6 October सोमवार को शहर में आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। इस दौरान जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल, कॉलेज और आई.टी.आई. शिक्षण संस्थान दोपहर 12 बजे के बाद बंद रहेंगे। छुट्टी का यह निर्णय भगवान वाल्मीकि जी की जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जाने वाली शोभायात्रा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
शोभायात्रा के चलते ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव
जानकारी के अनुसार सोमवार को जालंधर में भगवान वाल्मीकि जी की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन ने अंदेशा जताया है कि इस दौरान शहर की मुख्य सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को किसी भी तरह की असुविधा से बचाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
जालंधर के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल ने शनिवार को आदेश जारी करते हुए कहा कि सोमवार को दोपहर तक सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया है।