अमृतसर देहाती पुलिस का बड़ा Action, 6 किलो हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 09:52 AM (IST)
अमृतसर (रमन): खुफिया सूचना के आधार पर अमृतसर देहाती पुलिस ने नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को 6 किलोग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। उक्त कार्रवाई अड्डा मनावाला, अमृतसर–जालंधर हाईवे के पास नाकाबंदी कर की गई।
आरोपी दुबई में बैठे एक हैंडलर के इशारे पर कर रहा था तस्करी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिली थी कि इलाके में भारी मात्रा में नशे की खेप पहुंचने वाली है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 6 किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपए की बताई जा रही है। जांच में सामने आया है कि आरोपी दुबई (यूएई) में बैठे एक हैंडलर के इशारे पर तस्करी कर रहा था। इस हैंडलर की पहचान अमृतसर के सुल्तानविंड क्षेत्र के रहने वाले अंतरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे गिरोह को खत्म करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

