जालंधर-अमृतसर धमाकों के बाद हलवारा एयरफोर्स स्टेशन पर हाई अलर्ट, सुरक्षा बढ़ी
punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 03:25 PM (IST)
पंजाब डेस्कः जालंधर और अमृतसर में हुए IED धमाकों के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। भारतीय वायुसेना के महत्वपूर्ण हलवारा एयरफोर्स स्टेशन और आसपास के इलाकों में पुलिस द्वारा विशेष नाकाबंदी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ जारी
गत देर रात करीब 10 बजे SSP Dr. Ankur Gupta खुद मौके पर पहुंचे और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। इस दौरान आने-जाने वाले हर वाहन की गहन जांच की गई। एयरफोर्स स्टेशन के मुख्य गेट और लुधियाना-बठिंडा नेशनल हाईवे पर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस द्वारा सुधार, हलवारा और आसपास के गांवों में लगातार गश्त की जा रही है। रातभर हूटर बजाती पुलिस गाड़ियां इलाके में पेट्रोलिंग करती नजर आईं। ग्रामीण पुलिस के अलग-अलग थानों और चौकियों से पहुंचे अधिकारी व जवान एयरफोर्स स्टेशन के आसपास पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक सिविल कपड़ों में खुफिया एजेंसियों के अधिकारी भी इलाके की हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और उनकी मौजूदगी की जानकारी जुटाई जा रही है।
गांव पंचायतों और आम लोगों से अपील
गौरतलब है कि हलवारा एयरफोर्स स्टेशन देश के महत्वपूर्ण लड़ाकू विमान अड्डों में शामिल है। यहां पहले से ही तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है। इसके बावजूद किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए बाहरी इलाकों, नेशनल हाईवे और लिंक सड़कों पर निगरानी और बढ़ा दी गई है। पुलिस ने एयरफोर्स स्टेशन के आसपास स्थित मजारों, सरकारी स्थलों और अन्य संवेदनशील इलाकों पर भी विशेष नजर रखनी शुरू कर दी है। साथ ही गांव पंचायतों और आम लोगों से अपील की गई है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। बताया जा रहा है कि करीब एक दशक पहले हलवारा एयरफोर्स स्टेशन के बाहर खड़ी एक कार में IED बम लगाया गया था, जिसे सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते निष्क्रिय कर बड़ा हादसा टाल दिया था। इसी घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा एजेंसियां कोई भी ढिलाई नहीं बरत रही हैं।

