Jalandhar में हाई-वोल्टेज ड्रामा! पहले प्रेमी को खंभे से बांधकर पीटा, फिर थाने में करवाई शादी
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 12:35 AM (IST)
जालंधर : जालंधर में बुधवार को एक प्रेम कहानी ने उस समय बड़ा मोड़ ले लिया, जब युवती के परिजनों ने पहले उसके प्रेमी को घर बुलाकर जमकर पीटा और बाद में उसी युवक की युवती से शादी करवा दी। पूरा मामला शहर के बस्ती नौ इलाके का बताया जा रहा है, जहां दिनभर हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
जानकारी के अनुसार युवती पिछले तीन दिनों से अपने प्रेमी के साथ घर से लापता थी। इससे नाराज युवती के परिजनों ने युवक को शादी करवाने का भरोसा देकर घर बुलाया। आरोप है कि जैसे ही युवक वहां पहुंचा, परिवार के लोगों ने उसे खंभे से बांध दिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मारपीट से परेशान युवक और उसके परिवार वाले थाना नंबर-5 पहुंच गए और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने युवती और उसके परिजनों को भी थाने बुला लिया। थाने में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत और समझौते की कोशिशें चलती रहीं। पूछताछ के दौरान युवक और युवती दोनों ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि वे एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और अपनी मर्जी से साथ गए थे। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दोनों परिवारों को शादी के लिए राजी किया गया। आखिरकार थाना नंबर-5 के बाहर स्थित मंदिर में दोनों की शादी करवा दी गई। शादी के बाद माहौल शांत हुआ और दोनों परिवार भी सहमत नजर आए। बताया जा रहा है कि युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा का रहने वाला है और जालंधर की एक फैक्टरी में काम करता है।

