ससुरालियों की गुंडागर्दी! मायके पहुंची विवाहिता को जबरन लेने पहुंचे पति ने चलाई गलियां, गरमाया माहौल
punjabkesari.in Tuesday, Nov 10, 2026 - 02:02 PM (IST)
लुधियाना (राज): घरेलू कलह और मारपीट से तंग आकर मायके में शरण लेने वाली विवाहिता को वापस ले जाने के लिए ससुरालियों द्वारा खूनी तांडव रचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता के पति ने देर रात स्कॉर्पियो कार में सवार होकर अपनी ससुराल पर धावा बोल दिया। आरोपी ने न केवल घर के मुख्य गेट की जमकर तोड़फोड़ की, बल्कि पत्नी को जबरन साथ ले जाने की जिद करते हुए उसके पैरों में दो गोलियां दाग दीं। गनीमत यह रही कि पीड़िता ने फुर्ती दिखाते हुए किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, अन्यथा कोई बड़ी अनहोनी घट सकती थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों से पूरे परिवार को जान से मरवाने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गया। पीड़िता के पिता के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले की गहन पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में पीड़ित पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी दीवांगी का विवाह बलकरन सिंह के साथ किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही बलकरन सिंह उनकी बेटी के साथ लगातार मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता आ रहा था। बीती 8 नवंबर को आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए दीवांगी की बुरी तरह पिटाई कर दी। जान पर बन आई देख पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर अपने मायके (पिता के घर) पहुंच गई और परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसी रात करीब 11 बजे आरोपी बलकरन सिंह अपनी सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर PB-05-AC-7882) में सवार होकर उनके घर के बाहर आ धमका। आरोपी ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और घर के मुख्य लोहे के गेट पर टक्कर मारकर व तोड़फोड़ कर दहशत फैला दी। आरोपी जबरन घर के अंदर दाखिल होने की कोशिश करने लगा और जोर-जोर से चिल्लाकर दीवांगी को तुरंत उसके साथ चलने के लिए दबाव बनाने लगा। जब परिवार के सदस्यों और दीवांगी ने आरोपी के हिंसक व्यवहार का विरोध किया और साथ जाने से इनकार कर दिया, तो बलकरन सिंह आपे से बाहर हो गया।
आरोपी ने तुरंत अपनी जेब से हथियार निकाला और दीवांगी को निशाना बनाते हुए उसके पैरों की तरफ सीधे दो राउंड फायर कर दिए। अचानक चली गोलियों से घर में चीख-पुकार मच गई। दीवांगी ने ऐन वक्त पर छलांग लगाकर व पीछे हटकर बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई, जिससे गोलियां फर्श से टकराकर निकल गईं। गोलियों की तड़तड़ाहट और शोर सुनकर जब मोहल्ले के लोग जुटने लगे, तो आरोपी बलकरन सिंह अपनी गाड़ी में बैठकर भागने लगा और जाते-जाते धमकी दे गया कि वह अपने साथियों को भेजकर पूरे परिवार को जान से खत्म करवा देगा। देर रात रिहायशी इलाके में गेट तोड़कर हुई सरेआम फायरिंग से पीड़ित परिवार और आसपास के लोग गहरे खौफ में हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुद्दई के बयानों के आधार पर आरोपी पति बलकरन सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला, तोड़फोड़, हथियार का प्रयोग और जान से मारने की धमकियां देने समेत विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी को ट्रेस करने और फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

