चन्द्रयान-3 की कामयाबी में पंजाब के इस जिले के नौजवान का अहम योगदान
punjabkesari.in Friday, Aug 25, 2023 - 10:59 AM (IST)

पटियाला/देवीगढ़: भारत ने चन्द्रयान 3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग करवा दी है। इसके साथ जहां देश भर में खुशी की लहर है, वहीं इस कामयाबी और इस प्रोजैक्ट का अहम हिस्सा रहे पटियाला जिले के हलका सनौर के गांव मगर साहिब के नौजवान वैज्ञानिक कमलदीप शर्मा के गांव में भी खुशी की लहर है। कमलदीप शर्मा इंडियन स्पेस रिसर्च आर्गेनाइजेशन (इसरो) के बेंगलुरु डिवीजन में एल.वी. एम- 3 वाहन (राकेट) का क्वालिटी अधिकारी है। वह गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ा है और 12वीं उसने नारायण पब्लिक स्कूल पटियाला से की है। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंच कर कमलदीप शर्मा के पिता पुशपनाभ और तायटा पद्मनाभ सहित पूरे परिवार को बधाई दी। परिवार ने राष्ट्रीय झंडा फहरा कर इस कामयाबी का जश्न मनाया।
बचपन से ही नई-नई खोजों का शौकीन था कमलदीप शर्मा
कमलदीप शर्मा के पिता पुशपनाभ ने बताया कि उसका बेटा बचपन से ही नई-नई खोजों का शौकीन था। स्कूल समय से ही उसका साइंस के साथ लगाव था। वह अक्सर ट्रैक्टर का हर पार्ट खोल कर उसे फिर से फिट कर देता था। 8वीं क्लास से ही उसे साइंस का बहुत शौक था। वह प्रैक्टीकल में अधिक विश्वास रखता था और हर समय घर में साइंस के तजुर्बे करता रहता थी। 12वीं में उसने एक कार का मॉडल तैयार किया और उसे लेकर चंडीगढ़ में हुए साइंस मेले में गया था, जहां उसका 7वां नंबर आया था। इसके बाद उसने बी.टैक की और दिल्ली में एक आटोमोबाइल कंपनी में नौकरी करने लगा।
उस दौरान उसे इसरो के बारे जानकारी मिली और उसने इसरो का पेपर पास करने के लिए पढ़ाई शुरू कर दी। पहली बार उसने पेपर दिया परंतु वह सफल नहीं हो सका। इस दौरान कोरोना काल में अपना पूरा समय पढ़ाई में लगाया। देश के प्रसिद्ध वैज्ञानिकों की किताबें खरीद कर उसने पढ़ी और उसके बाद 2021 के अक्तूबर में इसरो के साइंटिस्ट का पेपर दिया, जिसमें वह नैशनल स्तर पर तीसरे नंबर पर आया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here