मोहाली में रेप पीड़िता ने थाने के बाद खुद को लगाई आग, इधर-उधर भागे लोग
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 02:00 PM (IST)
मोहाली: बलटाना में हुई एक दर्दनाक घटना ने इंसाफ के लिए भटक रही एक महिला की पीड़ा को उजागर कर दिया। बलटाना पुलिस चौकी के बाहर खड़ी महिला, जो कई दिनों से अपनी शिकायत दर्ज कराने की कोशिश कर रही थी, आखिरकार इतनी टूट गई कि उसने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। इस घटना ने न सिर्फ उसकी जिंदगी को खतरे में डाल दिया, बल्कि व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला करीब 70 प्रतिशत झुलस गई है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पहले उसे सेक्टर-32 चंडीगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर करना पड़ा।
शिकायत लेकर गई, सुनवाई नहीं हुई
परिजनों के अनुसार, महिला कई दिनों से दुष्कर्म के मामले में एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस चौकी के चक्कर काट रही थी, लेकिन हर बार उसे टाल दिया जाता था। मंगलवार को वह अपने भाई के साथ आखिरी उम्मीद लेकर चौकी पहुंची, लेकिन वहां भी उसकी शिकायत नहीं सुनी गई। परिवार का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी कर उन्हें चौकी से बाहर निकाल दिया। महिला के भाई ने बताया कि पुलिस ने पहले आरोपी को बुलाने की बात कही थी, लेकिन वह पेश नहीं हुआ। इसके बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी निराशा और बेबसी में महिला ने चौकी के बाहर खुद को आग लगा ली। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुकी थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पुलिस हरकत में आई। एसएसपी मोहाली हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच के लिए एसपी स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस चौकी के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
डीसी ने मांगी रिपोर्ट
वहीं, डिप्टी कमिश्नर मोहाली कोमल मित्तल ने भी इस मामले में एसएसपी से रिपोर्ट तलब की है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को महिला के इलाज में हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।

