पाकिस्तान में गायब भारतीय महिला को लेकर बड़ा खुलासा, हैरान कर देने वाला मामला आया सामने
punjabkesari.in Saturday, Nov 15, 2025 - 12:28 AM (IST)
पंजाब डैस्क : पाकिस्तान में दर्शनों के लिए गई भारतीय महिला रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई है। बताया जा रहा है कि कपूरथला जिले के एक गांव की रहने वाली यह महिला 4 तारीख को सिख श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ पाकिस्तान गई थी, लेकिन निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटी। महिला के अचानक लापता होने के बाद भारतीय सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, यह जत्था धार्मिक दर्शन करने के लिए पाकिस्तान रवाना हुआ था, लेकिन वापसी के दौरान महिला अपने ग्रुप से अलग हो गई और तब से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। जत्थे के अन्य सदस्यों के अनुसार, यात्रा के दौरान महिला सामान्य दिख रही थी और उसने किसी तरह की असहजता या परेशानी का जिक्र नहीं किया था।
खुफिया एजेंसियों ने महिला के पुराने संपर्कों, यात्रा इतिहास और संभावित लिंक की गहन जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि क्या महिला पहले से किसी योजना के तहत पाकिस्तान गई थी या फिर वहां पहुंचकर अचानक उससे संपर्क टूट गया। यह भी जांच का विषय है कि वह पाकिस्तान के भीतर किस इलाके में गई और आखिरी बार उसे कहां देखा गया।
फिलहाल महिला का कोई अता-पता नहीं है और उसकी तलाश जारी है। खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि उसके गायब होने के पीछे किसी संगठित नेटवर्क या साजिश की संभावना भी हो सकती है। हालांकि, अभी तक कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी है।
वहीं देर रात पाकिस्तान में गायब हुई भारतीय महिला को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान दर्शन करने गई भारतीय महिला ने निकाह कर लिया है। महिला ने अपना नाम सर्बजीत कौर से बदल कर किया नूर हुसैन रख लिया है। वहीं घटना के बाद एक बड़ा विवाद पनप गया है।


