पंजाब में उफान पर यह दरिया, घरों में घुसा पानी, मंजर देख सहमे लोग
punjabkesari.in Sunday, Aug 17, 2025 - 02:00 PM (IST)

बमियाल (हरजिंदर सिंह गोराया) : पंजाब में सतलुज और व्यास नदियों के आसपास के इलाकों में बाढ़ के हालात हैं। इस बीच, सीमावर्ती क्षेत्र बमियाल सेक्टर के पास बहने वाली जलालिया नदी फिर से उफान पर है। जलस्तर पहले से दोगुना बढ़ गया है, जिससे यहां बाढ़ जैसा नजारा बन गया है।
आज सुबह करीब 4 बजे अनियाल गांव के घरों में अचानक पानी घुसने से लोग सहम गए। नदी का पानी न केवल अनियाल गांव में, बल्कि मुट्ठी, मस्तपुर और आसपास के अन्य गांवों के घरों और गलियों में भी भर गया। एक हफ्ते पहले भी जलालिया नदी के अतिरिक्त पानी ने बड़े पैमाने पर फसलों को नुकसान पहुंचाया था, अब फिर से वही स्थिति पैदा हो गई है।
बामियाल क्षेत्र से बाहर जाने वाले कुछ रास्ते जलभराव के कारण बंद हो गए हैं। खेतों में खड़ी फसलें नष्ट हो रही हैं। इसके अलावा, किसानों द्वारा लगाए गए सोलर पैनल और कई पोल्ट्री फार्म भी पानी में डूब गए हैं। आज सीमावर्ती गांव अनियाल की गलियों में नदी का पानी बहता हुआ साफ दिखाई दे रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here