अमेरिका में जालंधर के कारोबारी पर 11 मामले दर्ज, संपत्ति होगी जब्त, हैरान करेगा मामला

punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 02:40 PM (IST)

पंजाब डेस्क: अमेरिका में किराना कारोबार करने वाले जालंधर के कारोबारी मनजीत सिंह बेदी कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं। अमेरिकी न्याय विभाग ने उनके खिलाफ सरकारी खाद्य सहायता योजना SNAP से जुड़ी कथित धोखाधड़ी के मामले में 11 आरोप लगाए हैं। अभियोग के मुताबिक, इस मामले में करीब 6 लाख अमेरिकी डॉलर, यानी लगभग 5 करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप है। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI उन्हें भारत से अमेरिका ले जा चुकी है।

11 मामलों में लगाए गए आरोप

अदालत में दाखिल अभियोग में बेदी पर वायर फ्रॉड के छह और सरकारी लाभों से संबंधित धोखाधड़ी के पांच आरोप शामिल हैं। अभियोजन पक्ष के अनुसार, अप्रैल से जून 2025 के दौरान इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से कथित तौर पर फर्जी लेन-देन दिखाए गए। इसके अलावा, SNAP योजना के तहत मिलने वाले 100 डॉलर या उससे अधिक के लाभों का कथित तौर पर अनधिकृत इस्तेमाल करने के आरोप भी लगाए गए हैं।

कार्डधारकों को नकदी देकर हासिल करता था लाभ

अभियोग में आरोप लगाया गया है कि बेदी SNAP लाभ पाने वाले लोगों के EBT कार्ड और उनके PIN हासिल करा था। उदाहरण के तौर पर, यदि किसी कार्ड में 200 डॉलर की राशि उपलब्ध होती थी, तो कार्डधारक को कथित तौर पर 100 डॉलर नकद देकर बाकी रकम अपने पास रख ली जाती थी।

जांच एजेंसियों के आरोपों के मुताबिक, इस प्रक्रिया में किराने का सामान बेचे बिना ही दुकान के पॉइंट ऑफ सेल (POS) सिस्टम पर खरीदारी का रिकॉर्ड दर्ज कर दिया जाता था। इस तरह लेन-देन को वास्तविक राशन खरीद की तरह दिखाया जाता था और सरकारी योजना की रकम कारोबारी के बैंक खाते में पहुंच जाती थी।

संपत्ति जब्त करने की मांग

अमेरिकी सरकार ने कथित धोखाधड़ी से जुड़ी रकम और संपत्ति जब्त करने की मांग भी की है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, यदि संबंधित संपत्ति उपलब्ध नहीं होती, तो कानून के तहत उसके बराबर मूल्य की दूसरी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News