जालंधर सिटी स्टेशन आना-जाना बना मुसीबत, आखिर कब मिलेगी लोगों को राहत

punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 11:07 AM (IST)

जालंधर (गुलशन): सिटी रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में सड़कों की हालत अत्यंत खस्ता हो चुकी है। टूटी सड़कों से निकली बजरी मक्की के दानों की तरह बिखरी हुई है, जिस कारण रोजाना स्टेशन पर आने जाने वाले यात्रियों के अलावा वहां से गुजरने वाले रोजाना हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जी.आर.पी. थाना और आर.पी.एफ. थाने के पास स्कूटर पार्किंग के पास सड़कें पूरी तरह से टूट चुकी हैं। रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की सुस्त चाल का खमियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है हालांकि रोजाना अधिकारी भी इन्हीं सड़कों से गुजरते हैं लेकिन इसके बावजूद सड़कों की दशा सुधारी नहीं जा रही। एक तरफ टूटी सड़कें दूसरा सड़कों पर खड़े ई रिक्शा भी परेशानी का सबब बन रहे हैं।

वहीं दूसरी तरफ रेलवे अधिकारियों का तर्क है कि स्टेशन की नई बिल्डिंग का निर्माण किया जाना है, जिस कारण स्टेशन के बाहर कोई काम नहीं करवाया जा रहा लेकिन काम कब शुरू होगा। इस बारे अभी किसी को कुछ पता नहीं है। बताया जा रहा है कि जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का काम कंप्लीट होने के बाद जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन शुरू होगा। अभी तक ना तो कैंट स्टेशन का काम पूरा हो पाया है और न ही सिटी स्टेशन का काम शुरू हो रहा है। इसका मतलब है कि लोगों को खस्ता हालत सड़कों से राहत मिलना अभी मुश्किल है। इस संबंध में रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों से संपर्क करना चाहा तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

दोमोरिया पुल के ऊपर स्लैब डालने के लिए नीचे एक साइड बंद किया रास्ता 

शहर के एक हिस्से को दूसरे हिस्से से जोड़ने वाले दोमोरिया पल के ऊपर लगे लोहे के पुराने गार्डर उतार कर सीमैंट की स्लैब डालने का काम किया जाना है। इसके लिए पहले, नीचे सरिया डालकर मजबूत फाउंडेशन बनाई जा रही है। इसके लिए पुल के नीचे एक साइड का रास्ता बंद कर दिया गया है। पिछले करीब एक सप्ताह से रास्ता बंद किया गया है। जोकि कुछ दिन और बंद रहने की संभावना है क्योंकि एक साइड का काम खत्म होने के बाद फिर दूसरी साइड का रास्ता बंद किया जाएगा। पता चला है कि इसके लिए रेलवे विभाग ने जिला प्रशासन से कुछ दिनों की परमिशन ली थी लेकिन काम अभी लंबा चलने की संभावना है। 

रास्ता बंद होने के कारण किशनपुरा काजी मंडी, सूर्या एन्क्लेव, गुरु गोबिंद सिंह एवेन्यू जाने वाले लोगों को पुल के रास्ते से जाना पड़ रहा है, जबकि दोपहिया वाहन और ई रिक्शा चालक अक्सर पुल पर चढ़ने की बजाय दामोरिया पुल के नीचे से गुजरने को पहल देते हैं लेकिन अब रास्ता बंद होने के कारण उन्हें भी पुल के ऊपर से ही जाना पड़ता है। कई बार लोग एक ही रास्ते को आने जाने के लिए इस्तेमाल करते हैं। जिस कारण वहां अक्सर जाम की स्थिति भी बन जाती है। लोगों ने वहां ट्रैफिक पुलिस कर्मी तैनात करने की मांग की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News