जालंधर बस स्टैंड पर ऑटो ठगों का जाल, दवाई लेने आए बुजुर्ग को बनाया शिकार

punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 03:12 PM (IST)

जालंधर : महानगर के बस स्टैंड क्षेत्र में ऑटो चालकों की ठगी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला उस समय सामने आया, जब होशियारपुर से जालंधर इलाज के लिए आए एक बुजुर्ग यात्री को ऑटो चालक ने निशाना बना लिया। ऑटो में बैठते ही चालक ने चालाकी से यात्री का पर्स साफ कर दिया और मौके से फरार हो गया।

पीड़ित हरपाल सिंह, जो कि एक रिटायर्ड सूबेदार हैं, ने बताया कि वह जालंधर नोवा अस्पताल में दवाई लेने आए थे। बस स्टैंड के बाहर उन्होंने 20 रुपये में ऑटो तय किया। ऑटो चालक ने न तो किराया लिया और न ही कोई शक होने दिया। कुछ दूरी तय करने के बाद जब हरपाल सिंह ने अपनी जेब टटोली, तो पर्स गायब मिला।

पीड़ित के अनुसार पर्स में नकदी के अलावा जरूरी दस्तावेज थे, जिनकी कुल कीमत करीब 15 से 20 हजार रुपये बताई जा रही है। हरपाल सिंह ने आरोप लगाया कि ऑटो चालक नशे की हालत में था और ऑटो में एक अन्य व्यक्ति भी पीछे बैठा हुआ था।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज किए। मामले की जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर दिलजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक सूचना स्नेचिंग की थी, लेकिन जांच में मामला ठगी का निकला। फिलहाल आरोपी ऑटो चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि बस स्टैंड इलाके में ऑटो चालकों द्वारा सवारियों को ठगने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, बावजूद इसके ठोस कार्रवाई न होने से ठगों के हौसले बुलंद हैं। यात्रियों ने पुलिस प्रशासन से बस स्टैंड क्षेत्र में सख्त निगरानी और कार्रवाई की मांग की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News