Jalandhar नगर निगम के अफसर सो रहे हैं क्या ? सरेआम Main Road पर बन गई अवैध इमारत

punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 12:15 PM (IST)

जालंधर: शहर में नगर निगम के अधिकारी अवैध इमारतों को लेकर कितने सचेत हैं, इस बात का उदाहरण देखना हो तो आपको एस.डी. कालेज रोड पर आना होगा। जहां पर धड़ल्ले से तीन-तीन मंजिला इमारतें खड़ीं हो गई और नगर निगम ने कोई एक्शन ही नहीं लिया। कल को उच्चाधिकारियों से या मीडिया से सवाल पूछे जाने की नौबत से बचने के लिए इन लोगों ने खानापूर्ति के नाम पर नोटिस जारी कर दिया, लेकिन बिल्डिंग का काम उसके बाद भी जारी है। 

नियमों की धज्जियां उड़ाकर बनाई गई इमारतें
जानकारी मिली है कि एस.डी. कालेज रोड पर कालेज के बिल्कुल सामने पिछले दो महीने में ही कमर्शियल इमारतों का धड़ल्ले से निर्माण हुआ है। बताया जा रहा है कि एक ही प्लाट के तीन हिस्से किए गए हैं, जिसमें से एक ने तो नियमों के तहत काम करवाया है, जबकि दो अन्य इमारतों में नियमों की पूरी तरह से धज्जियां  उडा दी गई हैं। हैरानी की बात है कि दोनों इमारतों के गेट पर नगर निगम का नोटिस तो चिपका हुआ है, लेकिन उसका असर किसी पर कुछ नहीं हुआ और इमारत निर्माण का काम तेजी से चल रहा है।

निगम इंस्पैक्टर व ए.टी.पी. की भूमिका पर सवाल
सूत्रों का कहना है कि पहले एक मंजिला इमारतें बनाई गईं और जब नगर निगम के कानों तक यह बात पहुंची और उसने नोटिस जारी कर दिया तो काम रुकने की बात तो दूर, काम दुगुनी स्पीड से चलने लगा। देखते ही देखते इमारत की तीसरी मंजिल तैयार कर दी गई, लेकिन नगर निगम इस अवैध निर्माण को न रोक पाया तथा न ही इस पर कोई एक्शन ले पाया। जिसके कारण नगर निगम तथा इलाके के निगम इंस्पैक्टर व ए.टी.पी. की भूमिका पर सवाल खड़े होने लगे हैं। आखिर नोटिस जारी होने के बाद काम रोका क्यों नहीं गया और अगर नोटिस जारी किया गया तो निर्धारित मोहलत के अंदर जवाब न दिए जाने की सूरत में इमारत को सील क्यों नहीं किया गया। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News