जब खेती के लिए जमीन ही नहीं बचेगी तो किसान मोटर कनेक्शनों का क्या करेंगे? :ढिल्लों
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 05:48 PM (IST)
पंजाब डेस्क : भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा दूसरी बार लाई गई लैंड पूलिंग पॉलिसी में किसानों को मोटर कनेक्शन देने के प्रलोभन को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे बेहद हास्यास्पद और किसानों के साथ भद्दा मजाक करार दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से सीधा सवाल किया कि यदि सरकार लैंड पूलिंग के माध्यम से किसानों की कृषि योग्य जमीन ही छीन लेगी, तो किसान उन मोटर कनेक्शनों को कहां लगाएंगे और उनका क्या करेंगे?
केवल सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया कि पहले भी पंजाब के किसानों ने इस नीति का डटकर विरोध किया था, क्योंकि किसान पूरी तरह स्पष्ट हैं कि वे अपनी जमीन देना ही नहीं चाहते। किसानों ने कभी भी मुआवजा बढ़ाने-घटाने या बदले में प्लॉट लेने की मांग नहीं की। उन्होंने कहा कि वास्तव में दिल्ली से आए आम आदमी पार्टी के घोटालेबाज और चुनाव हारे हुए नेता पंजाब के किसानों की बहुमूल्य जमीनों पर नजर गड़ाए बैठे हैं। यही कारण है कि पहले पूरी तरह विफल हो चुकी इस नीति को दोबारा जबरन पंजाब पर थोपने की कोशिश की जा रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अब भी पहले वापस ली गई लैंड पूलिंग पॉलिसी की कसक अपने मन में लिए बैठे हैं। किसानों से मिली हार को वे आज तक भूल नहीं पाए हैं और अब अपनी जिद पूरी करने के लिए पंजाब के किसानों को बर्बाद करने तथा उनकी जमीनों पर कब्जा करने पर उतारू हैं। इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस किसान विरोधी मंशा को कभी सफल नहीं होने देगी। पंजाब की जवानी, किसान और धरती की रक्षा के लिए भाजपा इस नीति का पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा किसानों के हर संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर उनके साथ खड़ी है और अन्नदाता के अधिकारों पर किसी भी प्रकार का डाका नहीं डालने दिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

