पंजाब में खालिस्तानियों को Active करने की कोशिश में ISI, सामने आए ये Inputs
punjabkesari.in Monday, Dec 26, 2022 - 10:01 AM (IST)

गुरदासपुर (विनोद): पाकिस्तान की गुप्तचर एजैंसी आई.एस.आई. ने फिर से भारतीय पंजाब में खालिस्तानी समर्थकों व तमिलनाडु में लिट्टे आतंकवादी संगठन को सक्रिय करने की योजना बनाई है।
भारतीय गुप्तचर एजैंसियों को मिली इनपुट के अनुसार बीते दिनों आई.एस.आई. ने इस्लामाबाद में भारतीय पंजाब के खालिस्तानी समर्थकों, जो लम्बे समय से पाकिस्तान में शरण लिए बैठे है, के साथ एक गुप्त मीटिंग की। इस मीटिंग में रंजीत सिंह नीटा निवासी जम्मू जो खालिस्तान जिन्दाबाद फोर्स का स्वयं प्रमुख बना हुआ है, की कुछ आई.एस.आई. अधिकारियों से गर्मागर्मी भी हुई। कुछ अन्य लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। आई.एस.आई. अधिकारियों ने मीटिंग में शामिल सभी खालिस्तानी समर्थकों को स्पष्ट कर दिया कि अब और कितना समय आपको हम छुपा कर रख सकते हैं तथा कब तक खिला सकते हैं। उन्होंने पंजाब में नशीले पदार्थ भेजने में आई.एस.आई. की मदद करने की शर्त भी रखी।
इस दौरान एक खालिस्तानी समर्थक ने अपने साथी हरिन्द्र सिंह रिंदा के बारे में सही जानकारी देने की मांग की। इस पर आई.एस.आई. अधिकारियों ने कहा कि वह ठीक है तथा अब अस्पताल से छुट्टी लेकर आराम कर रहा है। इस दौरान सभी ने भारतीय पंजाब में अपने-अपने समर्थकों को सक्रिय करने व आई.एस.आई. की बनाई योजना को सफल करने की सहमति दी। वहीं, दूसरी ओर आई.एस.आई. द्वारा लिट्टे को सक्रिय करने के लिए स्टूडैंट इस्लामिक मूवमैंट ऑफ इंडिया के सहयोग से काम किया जा रहा है। इसके लिए पाकिस्तान के अंतर्राष्ट्रीय तस्कर हाजी सलीम द्वारा श्रीलंका के तस्करों गुनाशेखरन व पुष्पराजाह से बातचीत की जा रही है।