शादी से इंकार करने पर युवती का Gun Point पर अपहरण: फोर्ड फिगो कार सहित ले उड़े बदमाश

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 09:17 AM (IST)

लुधियाना(राज): शादी का प्रस्ताव ठुकराने से बौखलाए एक सिरफिरे आशिक द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर एक 29 वर्षीय युवती का गन पॉइंट पर अपहरण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवती को जान से मारने की नीयत से अगवा कर अपने साथ ले गए हैं। इस वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता जोगिंदर सिंह ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि उसकी बड़ी बहन यशविंदर कौर (उम्र करीब 29 वर्ष) बीते 13 मई  की रात करीब 8:30 बजे अपनी फोर्ड फिगो कार (नंबर: PB-23-K-2735) पर सवार होकर बाजार से घर का राशन और अन्य सामान (ग्रॉसरी) लेने गई थी। जब काफी देर होने के बाद भी वह वापस घर नहीं लौटी, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। जोगिंदर सिंह के मुताबिक, छानबीन के दौरान उन्हें पुख्ता तौर पर पता चला कि उसकी बहन यशविंदर कौर की दोस्ती सुखविंदर सिंह नाम के युवक के साथ थी। सुखविंदर उसकी बहन से शादी करना चाहता था, लेकिन यशविंदर कौर ने इस शादी के रिश्ते से साफ इंकार कर दिया था। इसी रंजिश और जिद के चलते आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने 13 मई की रात को ही बाजार गई यशविंदर कौर को रास्ते में घेर लिया और पिस्तौल की नोंक पर, जान से मारने की नीयत से उसे और उसकी कार को अगवा कर फरार हो गए।

थाना जमालपुर की पुलिस ने पीड़ित भाई के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा पुत्र प्रीतम सिंह, कर्मजीत सिंह पुत्र बलवीर सिंह (दोनों निवासी: गांव भलूर, जिला मोगा) और उनके कुछ अज्ञात साथियों के खिलाफ अपहरण और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि युवती की बरामदगी और आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News