कोटकपूरा गोलीकांड: आरोपियों और साजिशकर्ताओं के नाम सामने आने पर ''आप'' ने विरोधियों पर बोला हमला

punjabkesari.in Saturday, Feb 25, 2023 - 10:31 AM (IST)

चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी (आप) ने कोटकपूरा गोलीकांड में एस.आई.टी. द्वारा पेश चालान को लेकर विपक्षी दलों शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि नेक नीयत और ईमानदारी से किया गया हर काम सफलता की ओर ले जाता है। भगवंत मान सरकार ने बादलों के खिलाफ चालान पेश कर स्पष्ट कर दिया है कि गुरु साहिब का अपमान करने वाले और पंजाब के खिलाफ साजिश रचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यह बात आप नेता व कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा व डा. इंद्रबीर सिंह निज्जर ने कही। 

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट किया, ‘कोटकपूरा गोलीकांड के आरोपियों और साजिशकर्ताओं के चेहरों का हुआ पर्दाफाश। करोड़ों लोगों की भावनाओं को शांति मिलेगी। हम न्याय दिलाने के वायदे पर कायम हैं, मंत्री या संतरी कानून सबके लिए एक है। सच्चाई कभी छिपती नहीं। उल्लेखनीय है कि ए.डी.जी.पी. लक्ष्मीकांत यादव की अध्यक्षता वाली एस.आई.टी. ने कोटकपूरा फायरिंग मामले में यह चालान पेश किया है, जिसमें पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और पूर्व डी.जी.पी. सुमेध सैनी के नाम भी शामिल हैं। 

एस.आई.टी. चालान के मुताबिक इन मामलों में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने घटनाओं को अंजाम देने में मदद की थी। 7000 पन्नों की चार्जशीट में प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल और पूर्व डी.जी.पी. सुमेध सैनी को आई.पी.सी. की धारा 323, 324, 504 के तहत नामजद किया गया है। शुक्रवार को चंडीगढ़ में मंत्री डा. इंद्रबीर सिंह निज्जर के साथ प्रैस कांफ्रैंस को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि अकाली-भाजपा और कांग्रेस सरकारों की नीयत में कमी के कारण बेअदबी और गोलीकांड के मामलों में न्याय में इतनी देरी हुई है लेकिन आज इस चार्जशीट के जरिए कोटकपूरा गोलीकांड के आरोपियों और साजिशकर्ताओं के चेहरे बेनकाब हो गए हैं।

अमन अरोड़ा ने कहा कि लंबे समय से हर एक पंजाबी और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के भक्त 2015 में हुई बेअदबी और उसके बाद कोटकपूरा गोलीकांड में शहीद हुए 2 युवकों के लिए न्याय की गुहार लगा रहे हैं और पिछले साढ़े सात साल से इसके लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस दौरान कई एस.आई.टी. और न्यायिक आयोगों का गठन किया गया लेकिन न्याय नहीं मिला।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Recommended News

Related News