लाडोवाल Toll Plaza पर कर्मचारियों का प्रदर्शन, Free में गुजर रही गाड़ियां
punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 01:29 PM (IST)
लुधियाना (अनिल): नेशनल हाईवे पर स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा पर आज टोल प्लाजा वर्कर यूनियन के सदस्यों ने केंद्र सरकार के खिलाफ धरना देकर जोरदार प्रदर्शन किया।
नौकरियां खत्म करने के फैसले का विरोध
प्रदर्शन के दौरान यूनियन ने 3 घंटे के लिए टोल प्लाजा की एक लेन को फ्री कर दिया, ताकि केंद्र सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई जा सके। इस दौरान प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे यूनियन के प्रधान दर्शन सिंह लाडी और टोल प्लाजा मैनेजर दीपेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार टोल प्लाजा कर्मचारियों की नौकरियां खत्म करने की योजना बना रही है, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा पर हजारों कर्मचारी अपने परिवार का गुजारा करते हैं।
आंदोलन की दी चेतावनी
अगर उनकी नौकरियां खत्म की गईं तो इसका सीधा असर हजारों परिवारों पर पड़ेगा। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने यह नीति वापस नहीं ली, तो उनका संघर्ष और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर देशभर के टोल प्लाजाओं पर हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और दिल्ली तक आंदोलन ले जाया जाएगा।

