जालंधर में रजिस्ट्री करवाने वाले परेशानी में, झेलनी पड़ रही मुश्किल

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 02:25 PM (IST)

जालंधर (चोपड़ा): जनता की सहूलियत और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के दावों के साथ शुरू किया गया इजी रजिस्ट्रेशन सिस्टम लोगों के लिए परेशानी का बड़ा कारण बनता जा रहा है। तकनीकी खामियों और बार-बार ठप हो जाने वाली वेबसाइट के कारण रजिस्ट्री का काम आए दिन प्रभावित हो रहा है। मंगलवार को भी सब रजिस्टार कार्यालयों में यही हाल देखने को मिला, जब दोपहर करीब 3.25 बजे इजी रजिस्ट्रेशन सिस्टम की साईट अचानक बंद हो गई, जिसके चलते पूरे राज्य में रजिस्ट्री व दस्तावेजों के अप्रूवल का काम ठप पड़ गया।

जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स स्थित सब रजिस्ट्रार-1 और सब रजिस्ट्रार-2 कार्यालयों में बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही रजिस्ट्री कराने पहुंचे थे। लेकिन दोपहर को साइट के बंद होते ही सभी काम रुक गए और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। खासतौर पर बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांग व्यक्तियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं जिन लोगों ने पहले ही प्रॉपर्टी खरीद-फरोख्त के लिए भारी रकम का लेनदेन कर लिया हुआ था और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कार्यालय पहुंचे थे, उन आवेदकों के चेहरों पर चिंता साफ झलक रही थी, क्योंकि देरी से उनका सौदा प्रभावित हो सकता था। क्योंकि सिस्टम ठप होने से उनके काम अधर में लटक गए।

करीब दो घंटे से अधिक समय तक सिस्टम बंद रहने के बाद शाम 5:30 बजे साइट दोबारा चालू हुई, लेकिन तब तक हालात और बिगड़ चुके थे। साइट चालू होने के बाद भी केवल उन्हीं लोगों के दस्तावेजों को अप्रूवल मिल सका, जिनके टोकन पहले से लगाए जा चुके थे। जिन लोगों को टोकन नहीं मिल पाया था, उन्हें हताश होकर वापस लौटना पड़ा। इस दौरान कई आवेदक ऐसे भी थे जो लंबे इंतजार के बाद बिना काम करवाए ही घर लौट गए। लोगों का कहना था कि इजी रजिस्ट्रेशन सिस्टम ने उनकी परेशानी कम करने के बजाय और बढ़ा दी है। बार-बार तकनीकी खराबी के चलते उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं।

सब रजिस्ट्रार-1 गुरप्रीत सिंह, ज्वाइंट सब रजिस्ट्रार-2 जगतार सिंह और ज्वाइंट सब रजिस्ट्रार रवनीत कौर भी इस स्थिति में असहाय नजर आए। अधिकारियों के पास सिस्टम कब चालू होगा, इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं था, जिससे लोगों की नाराजगी और बढ़ गई। लोगों ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा डिजिटल सिस्टम लागू तो कर दिया गया, लेकिन इसकी तकनीकी मजबूती और सुचारू संचालन पर ध्यान नहीं दिया गया। यदि यही स्थिति रही तो आम लोगों का इस व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा।

आज की स्लॉट पहले ही फुल, आवेदकों के लिए अब 2 दिन अप्वाइंटमैंट रीशैड्यूलिंग कराना बनेगी नई मुसीबत 

इजी रजिस्ट्रेशन सिस्टम के ठप रहने का असर केवल एक दिन की परेशानी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब यह आवेदकों के लिए अगले कुछ दिनों की मुश्किल का कारण बन गया है। 21 अप्रैल को जिन लोगों की प्रॉपर्टी रजिस्ट्री या अन्य दस्तावेजों को ऑनलाइन अप्रूवल नहीं मिल सका, उन्हें अब कम से कम दो दिन का अतिरिक्त इंतजार करना पड़ेगा।

जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल के लिए सब रजिस्ट्रार-1 कार्यालय में ऑनलाइन अपॉइंटमेंट स्लॉट पहले से ही पूरी तरह भरे हुए हैं। ऐसे में 21 अप्रैल को प्रभावित हुए आवेदकों को अपनी अप्वाइंटमैंट को दोबारा अर्जीनवीसों के माध्यम से रिशैड्यूल कराने को लेकर नई तारीख के तौर पर 23 अप्रैल का विकल्प दिया जा रहा है, लेकिन यहां भी स्थिति आसान नहीं है।

सूत्रों के अनुसार 23 अप्रैल के स्लॉट भी तेजी से भर रहे हैं। यदि यह दिन भी पूरी तरह बुक हो जाता है, तो कई आवेदकों को मजबूरन अगली तारीख का इंतजार करना पड़ेगा। इसका सीधा असर उन लोगों पर पड़ रहा है जिन्होंने पहले ही प्रॉपर्टी से जुड़े लेनदेन पूरे कर लिए हैं और अब रजिस्ट्री में देरी के कारण उनका पैसा फंसने का खतरा बढ़ गया है।

आवेदकों का कहना है कि एक दिन सिस्टम बंद रहने से उनका पूरा शेड्यूल बिगड़ गया है। बार-बार अपॉइंटमेंट लेने, दस्तावेज तैयार करने और फिर तारीख आगे खिसकने से समय के साथ-साथ अतिरिक्त खर्च भी बढ़ रहा है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि ऐसे मामलों में विशेष व्यवस्था कर प्रभावित आवेदकों की रजिस्ट्री प्राथमिकता के आधार पर करवाई जाए, ताकि उन्हें बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े।

व्हीलचेयर पर पहुंचे 97 वर्षीय बुजुर्ग भी लौटे निराश, सिस्टम पर भड़का गुस्सा 

इजी रजिस्ट्रेशन सिस्टम की खामियों का सबसे दर्दनाक असर उस समय सामने आया जब 97 वर्षीय बुजुर्ग बलदेव सिंह को भी धक्के खाने पड़े। अपने परिजनों के साथ व्हीलचेयर पर सब रजिस्ट्रार-1 कार्यालय पहुंचे बलदेव सिंह कभी अधिकारी के समक्ष अपनी समस्या रखने की कोशिश करते रहे, तो कभी वेटिंग हॉल में लंबा इंतजार करते रहे। लेकिन साइट ठप रहने के कारण आखिरकार उन्हें बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ा। इसी तरह सब रजिस्ट्रार-2 कार्यालय में 90 वर्षीय महिला, जो अपनी वसीयत को अप्रूवल दिलाने आई थीं, अपने परिजनों के साथ कार में बैठकर इंतजार करती रहीं। शाम 5 बजे तक भी साइट चालू न होने पर वह भी मायूस होकर लौट गईं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News