Loksabha Election: सुनील जाखड़ ने बलकार सिंह की अश्लील वीडियो पर उठाए सवाल

punjabkesari.in Tuesday, May 28, 2024 - 03:29 PM (IST)

जालंधर: जालंधर में मंगलवार को पंजाब भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने प्रदेश की आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि सरकार के चरित्र पर सवालिया निशान लग चुका है। पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री बलकार सिंह का अश्लील वीडियो वायरल हुआ, जिससे उन्होंने कहा कि वह सभ्य समाज में रहने वाले लोग हैं, सभ्य समाज में ऐसी चीजें बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं। चाहे गरीब हो या अमीर हो, सबको अपनी-अपनी इज्जत प्यारी होती है। जाखड़ बोले, उनक सवाल किसी मंत्री पर नहीं है, बल्कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पर है, क्योंकि वह इस मुद्दे पर चुप्पी साध कर बैठे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जो सीएम अपने नहीं संभाल सकता, वह प्रदेश की इज्जत की रक्षा कैसे करेगा। वह किस तरह राज्य की माताओं और बहनों की इज्जत की रक्षा करेंगे। 

उन्होंने आगे बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की जिम्मेदारी है कि वह इस पर संज्ञान लें और बलकार सिंह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। आगे कहा कि दिल्ली में स्वाति मालीवाल के साथ जो हुआ सबके सामने है, इन घटनाओं ने आम आदमी पार्टी का असली चेहरा बेनकाब किया है। जाखड़ बोले, वर्तमान सरकार ने राज्य को हर मोर्चे पर भारी नुकसान पहुंचाया है, चाहे वित्तीय हालात की बात हो या कानून और सुरक्षा व्यवस्था की या विकास की। किसानी के मुद्दों का समाधान करने के लिए मान सरकार ने कुछ नहीं भी किया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले किसानों पर जाखड़ ने कहा कि प्रदर्शन करने वाले दरअसल आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल के लोग हैं। वे किसान नहीं हैं। इन लोगों की राजनीति के कारण व्यापारी और आम लोग परेशान हो रहे हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि राज्य में किसानों और व्यापारियों में तलवारें तन गई हैं। व्यापारी किसानों को अपना दुश्मन समझने लगे हैं। यह स्थिति राज्य के लिए ठीक नहीं है। किसान और व्यापारी पंजाब जैसे राज्य के विकास की धुरी हैं, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इनके बीच अविश्वास पैदा कर दिया है। प्रदर्शनकारियों के कारण राज्य को हजारों करोड़ों का नुकसान हो गया है। इन सब के लिए मान सरकार जिम्मेदार है, लेकिन मुख्यमंत्री अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं।

PunjabKesari

पंजाब भाजपा प्रधान बोले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने उन्होंने पंजाब की नस्ल और फसल को बचाने के मुद्दे रखे हैं। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब की जनता ने आम आदमी पार्टी पर भरोसा करके उन्हें  92 सीटें दीं, जनता को उम्मीद थी कि भगवंत मान उनकी परेशानियों का समाधान करेंगे। उन्होंने वादा किया था कि सत्ता में आने के बाद राज्य में नशे के काले कारोबार पर लगाम लगा दिया जाएगा। युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और उनका विदेश पलायन रोका जाएगा। गैंगस्टरों पर लगाम कसा जाएगा, लेकिन अफसोस की बात यह है कि ऐसा कुछ नहीं हुआ, बल्कि इसके विपरीत अपराधी और ज्यादा बेखौफ हो गए। आज हालात यह है कि राज्य में नशा पहले से ज्यादा बिक रहा है। राज्य की जनता भगवंत मान सरकार से पूरी तरह निराश हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि जालंधर का खेल और चमड़ा उद्योग किसी जमाने में पूरे विश्व में अपनी पहचान बनाए हुए था, लेकिन वर्तमान मान सरकार ने इसे पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। राज्य में लॉ एंड आर्डर पूरी तरह बर्बाद हो चुका है। सीएम मान दावा करते थे कि सिर्फ एक काल पर आपके घर आकर सरकार सारे काम करवाएगी, लेकिन सारे दावे और वादे झूठे निकले। उन्होंने दोहराया कि पंजाब की समस्याओं का समाधान सिर्फ भाजपा ही करवा सकती है और राज्य को सशक्त नेतृत्व दे सकती है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे लोकसभा चुनाव में सोच-समझ कर वोट दें।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Radhika Salwan

Related News