FBI केस में बड़ी कार्रवाई, होशियारपुर के पूर्व SHO गुरिंद्रजीत सिंह नागरा गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 10:43 AM (IST)

जालंधर (सोनू): होशियारपुर के पूर्व थाना प्रभारी (SHO) गुरिंद्रजीत सिंह नागरा को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, अमेरिका की जांच एजेंसी FBI के ऑपरेशन 'हार्ड बॉल' में नागरा का नाम सामने आया था। आरोप है कि उन्होंने गैंगस्टरों के साथ मिलकर अमेरिका में रहने वाले एक परिवार से पैसे की मांग की थी। मामले के सामने आने के बाद उन्हें पहले SHO के पद से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया था।

इसके बाद DIG नवीन सिंगला ने मामले की जांच के आदेश दिए थे। जांच की जिम्मेदारी SP विनीत अहलावत को सौंपी गई। जांच पूरी होने के बाद शुक्रवार देर रात नागरा के खिलाफ एक्सटॉर्शन और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। FBI के ऑपरेशन 'हार्ड बॉल' में यह दावा किया गया था कि कुछ गैंगस्टरों और पुलिस कर्मियों के बीच सांठगांठ थी और वे मिलकर लोगों से उगाही करते थे। नागरा पर आरोप है कि उन्होंने लॉस एंजिलिस में रहने वाले एक परिवार को झूठे हत्या के मामले में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपये की रिश्वत मांगी थी।फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News