भोले नाथ अमरनाथ गुफा में हुए प्रकट, पहली तस्वीर आई सामने

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2020 - 11:23 AM (IST)

अमृतसर(कक्कड़): देश-विदेश के हजारों शिव भक्तों के लिए ये अच्छी खबर है। भोलेनाथ अमरनाथ गुफा में प्रकट हो गए हैं, जिनकी पहली तस्वीर सामने आई है। इन तस्वीरों के जरिए आप घर बैठे ही महादेव के दर्शन कर सकते हैं। कोरोना वायरस महामारी के चलते श्री अमरनाथ जी श्राईन बोर्ड की ओर से अमरनाथ यात्रा संबंधी कोई भी फैसला नहीं लिया गया। बोर्ड द्वारा अमरनाथ यात्रा को लेकर श्राइन बोर्ड द्वारा विचार-विमर्श किया जा रहा है। 

बाबा बर्फानी की गुफा दक्षिण कश्मीर में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर है। बाबा बर्फानी के दर्शन करने हर साल पहला जत्था जून के आखिरी सप्ताह में रवाना हो जाता है, लेकिन कोरोना के चलते इस बार यात्रा के शुरू होने पर संदेह है। अभी तक यात्रा को शुरू करने पर कोई भी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। पिछले साल भी धारा 370 के हटाए जाने पर यात्रा को आधे से ही रोक दिया गया था। बता दें कि अमरनाथ की यात्रा सबसे कठिन तीर्थ यात्राओं में से एक है। अमरनाथ की गुफा में बर्फ से प्राकृतिक शिवलिंग बनता है। यहां पहुंचने का रास्ता चुनौतियों से भरा है।

प्रतिकूल मौसम, लैंडस्लाइड, ऑक्सीजन की कमी जैसी समस्याओं के बावजूद लाखों भक्त यहां पहुंचते हैं। भोलेनाथ के इस तीर्थ का इतिहास हजारों साल पुराना है। यहां स्थित शिवलिंग पर लगातार बर्फ की बूंदें टपकती रहती हैं, जिससे 10-12 फीट ऊंचा शिवलिंग निर्मित होता है। गुफा में शिवलिंग के साथ ही श्रीगणेश, पार्वती और भैरव के हिमखंड भी निर्मित होते हैं। गौरतलब है कि श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा को अमेरश्वर गुफा भी कहा जाता है। इसी पवित्र गुफा में भगवान शंकर ने मां पार्वती को अमरत्व की कथा सुनाई थी। हर साल श्री अमरनाथ यात्रा श्रावण पूर्णिमा के दिन संपन्न होती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News