Gurdaspur : ग्रेनेड हमले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, विदेशी हैंडलर की भूमिका सामने आई

punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 10:47 PM (IST)

गुरदासपुर (हरमन, हरजिंद्र गोराया) :  एसएसपी गुरदासपुर आदित्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि गुरदासपुर पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कलानौर में हुए ग्रेनेड हमले के मामले को मात्र 6 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए हमले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इस हमले के पीछे एक विदेशी हैंडलर की संलिप्तता सामने आई है। मामले की गहन जांच जारी है और हमले से जुड़े आगे तथा पीछे के सभी लिंक खंगाले जा रहे हैं ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। उल्लेखनीय है कि कलानौर बस स्टैंड के निकट स्थित मुल्तानी अस्पताल में दोपहर करीब 2:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने इमरजेंसी वार्ड में घुसकर विस्फोटक सामग्री फेंकी थी। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन अस्पताल के शीशों, दरवाजों और अन्य सामान को काफी नुकसान पहुंचा था।

घटना के तुरंत बाद गुरदासपुर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया था। अस्पताल के डॉक्टर एस.पी. सिंह मुल्तानी ने बताया था कि उन्हें पिछले वर्ष भी फिरौती के लिए धमकी भरे फोन आए थे, जिसके बाद पुलिस द्वारा सुरक्षा उपलब्ध करवाई गई थी। हालांकि कुछ समय पहले यह सुरक्षा हटा ली गई थी और अब यह घटना सामने आई है। विस्फोट की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी थी, जिससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल था, लेकिन गुरदासपुर पुलिस द्वारा कुछ ही घंटों में मामले को सुलझाकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लेने से लोगों ने राहत की सांस ली है।

एसएसपी आदित्य ने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य में शांति, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस हमले के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News