Snapchat पर दोस्ती के बाद प्यार और फिर दी प्रेमी को मारने की सुपारी, पूरा मामला कर देगा दंग
punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2026 - 04:58 PM (IST)
फरीदकोट (जगदीश): फरीदकोट जिले के रोमाणा अलबेल सिंह गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी से इनकार करने पर एक युवती ने अपने प्रेमी की हत्या की साजिश रच डाली। पीड़ित सुखवीर सिंह ने जब अपनी प्रेमिका सुखविंदर कौर के चाल-चलन से दुखी होकर उससे रिश्ता तोड़ा, तो महिला ने बदला लेने के लिए खौफनाक कदम उठाया। सुखवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि करीब 2 साल पहले स्नैपचैट के जरिए सुखविंदर कौर से उसकी पहचान हुई थी और दोस्ती के बाद उसे प्यार हो गया। वह सुखविंदर कौर से शादी करना चाहता था पर बाद में उसे पता चला कि सुखविंदर के कई व्यक्तियों से अवैध संबंध हैं जिसके बाद उसने रिश्ता तोड़ दिया था। इसके बाद उसने सुखवीर को रास्ते से हटाने और उसे अगवा करके गाड़ी से कुचल वाने के लिए 5 लाख रुपए की सुपारी दे दी। इसके अलावा आरोपी महिला पीड़ित पर 10 लाख रुपए देने का लगातार दबाव बना रही थी और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकियां भी दे रही थी।
घटना के दिन सुखवीर सिंह शाम के समय अपनी दुकान पर मौजूद था, तभी 2 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए 5 युवकों ने उसे जबरन दुकान से बाहर खींचा और अगवा करने की कोशिश की। सुखवीर के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी पांचों युवकों को मौके पर ही घेरकर दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हिमाचल प्रदेश के चंबा निवासी आर्यन, पंकज कुमार, अनीश कुमार तथा चंडीगढ़ निवासी रॉबिन यादव और मनीमाजरा के विनीत कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में युवकों ने कबूल किया कि उन्हें जीरकपुर निवासी सुखविंदर कौर ने सुपारी देकर भेजा था।
थाना जैतो पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से पकड़े गए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने प्रेमिका सुखविंदर कौर समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी सहायक थानेदार गुरमुख सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उसे भी जल्द ही कानून की गिरफ्त में ले लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

