सड़क हादसे ने छीना घर का सहारा: काम से लौट रहे साइकिल सवार को अज्ञात वाहन ने कुचला

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 09:15 AM (IST)

लुधियाना(राज): जी.टी. रोड पर रफ्तार का कहर एक हंसते-खेलते परिवार के लिए मातम का सबब बन गया। काम से छुट्टी कर अपने घर की ओर जा रहे एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू
हादसा इतना दर्दनाक था कि पीड़ित को अस्पताल ले जाने का समय भी नहीं मिला और इलाज मिलने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। फिलहाल थाना सहनेवाल की पुलिस ने इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी है ताकि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सके। मृतक की पत्नी संगीता ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि उसके पति राम तिलक, पुत्र राम हेठ, बीते 12 मई की शाम करीब 7:00 बजे अपने काम से छुट्टी कर साइकिल पर सवार होकर घर के लिए निकले थे। 

परिवार रात भर उनका इंतजार करता रहा, लेकिन वे घर नहीं पहुंचे। अगले दिन 13 मई को परिवार को सूचना मिली कि राम तिलक का गयासपुरा स्थित किआ (Kia) गाड़ियों के शोरूम के सामने जी.टी. रोड पर एक्सीडेंट हो गया है। बताया जा रहा है कि यह भीषण हादसा रात करीब 12:00 से 12:30 बजे के बीच हुआ। सूचना मिलते ही जब पत्नी बदहवास हालत में सिविल अस्पताल पहुंची, तो वहां का मंजर देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। डॉक्टरों ने राम तिलक को मृत घोषित कर दिया था। अज्ञात वाहन की टक्कर इतनी घातक थी कि राम तिलक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News