लुधियाना में दर्दनाक हादसा,  ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आए 2 भाई... परिवार में मचा हाहाकार

punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2026 - 09:13 AM (IST)

लुधियाना (राज): लुदियाना में एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है।  एक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक और मासूम की जान चली गई। अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक द्वारा बिना आगे-पीछे देखे अचानक वाहन मोड़ने के चलते पीछे से आ रहा मोटरसाइकिल ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आ गया। इस भीषण सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर युवराज सिंह की गंभीर चोटें लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गुरमनप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। 

थाना कुमकलां की पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों पर अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता मनजीत सिंह के ने बताया कि उसके भतीजे गुरमनप्रीत सिंह और युवराज सिंह (14) मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने घोर लापरवाही व बिना आसपास देखे अपने ट्रैक्टर को अचानक दाईं तरफ मोड़ दिया। अचानक हुए इस मोड़ के कारण पीछे आ रहा मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सीधे ट्रैक्टर के दाएं टायर की चपेट में आ गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और उन्हें गंभीर अंदरूनी व बाहरी चोटें आईं। 14 वर्षीय मासूम युवराज सिंह के सिर व शरीर पर गंभीर चोटें लगने के कारण उसने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल गुरमनप्रीत सिंह को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस का कहना है कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी चालक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News