लुधियाना एसिड अटैक कांड : पुलिस के हाथ लगी कामयाबी, आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 10:39 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के अर्बन विहार इलाके में दिन-दहाड़े एक कामकाजी महिला पर तेजाब फेंकने की खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को लुधियाना पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी की पहचान पान सिंह के रूप में की है, जिसे गिरफ्तार कर अब गहनता से पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि यह दिल दहला देने वाली वारदात परसो दोपहर करीब 2:30 बजे अर्बन विहार, दुगरी इलाके में हुई थी। पीड़िता, जो पिछले करीब 2 महीने से अपनी बहन लाजवंती के पास गुरु ज्ञान विहार में रह रही थी, वहां मजदूरी का काम कर रही थी। तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए आरोपी पान सिंह ने शातिर तरीके से महिला को अपनी तरफ इशारा करके बुलाया। जैसे ही महिला उसके करीब पहुंची, आरोपी ने हाथ में पकड़ी तेजाब की बोतल उस पर उड़ेल दी और मौके से रफूचक्कर हो गया।
चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही पीड़िता
तेजाब के हमले से महिला बुरी तरह झुलस गई और उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सेक्टर-32, चंडीगढ़ के अस्पताल में रैफर कर दिया है। फिलहाल पीड़िता वहां उपचाराधीन है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने आरोपी पान सिंह को दबोचा, रंजिश की जांच जारी
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर के निर्देशों पर टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी पान सिंह को दबोच लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आरोपी ने इस खौफनाक कदम को क्यों उठाया? क्या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या कोई एकतरफा सनक?
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

