लुधियाना में बेखौफ गुंडागर्दी: 4-5 बाइकों पर आए बदमाशों ने युवकों को बेरहमी से पीटा
punjabkesari.in Friday, Aug 28, 2026 - 09:31 AM (IST)
लुधियाना (राज): बेखौफ बदमाशों द्वारा गुंडागर्दी और हथियारों के बल पर दहशत फैलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घर के बाहर खड़े एक युवक और उसके दोस्त पर 4-5 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए करीब 8 हथियारबंद बदमाशों ने अचानक हमला बोल दिया। आरोपियों ने युवकों की बेरहमी से पिटाई की और एक आरोपी ने पीड़ित के माथे पर पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकियां दीं। कुणाल शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में पीड़ित कुणाल ने बताया कि बीते 27 अगस्त को वह अपने दोस्त प्रिंस के साथ अपने घर के बाहर गली में खड़ा हुआ था। उसी दौरान गली में 4-5 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर करीब 8 युवक आए, जो तेजधार व अन्य घातक हथियारों से पूरी तरह लैस थे। आरोपियों ने बिना किसी कारण के आते ही पीड़ित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और लात-घूंसों व हथियारों से उसकी पिटाई करने लगे। जब उसका दोस्त प्रिंस उसे हमलावरों के चंगुल से छुड़वाने और बीच-बचाव करने के लिए आगे आया, तो आरोपियों ने उसके साथ भी जमकर मारपीट की।
इसी दौरान हमलावरों में शामिल पीयूष विज ने अपनी पिस्तौल निकाली और सीधे पीड़ित के माथे पर लगा दी। आरोपी ने पिस्तौल तानकर डराया-धमकाया और उसकी जान को खतरे में डाला। वारदात के बाद सभी आरोपी पीड़ित और उसके दोस्त को जान से मारने की गंभीर धमकियां देते हुए अपनी बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। पीड़ित के अनुसार, हमला करने वाले आरोपियों की पहचान सतीश, मनिक सिंह, सुख, नतीश गुप्ता, मुल्ला, करण विज, सूजल और पीयूष विज के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

