Ludhiana : लड़की पर जानलेवा हमला, तेजधार हथियार से सिर पर किए वार

punjabkesari.in Thursday, Nov 23, 2023 - 11:55 PM (IST)

लुधियाना (राज): हैबोवाल में दिन-दिहाड़े युवक की हत्या करने वाले अभी पकड़े नहीं गए थे कि अमरपुरा इलाके में एक युवक ने लड़की पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। तेजधार हथियार से युवक ने लड़की के सिर पर वार किए। घायल लड़की को गंभीर हालत में सी.एम.सी. अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना के बाद ए.सी.पी. (सैंट्रल) सुखनाज सिंह गिल और थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को इलाके की सी.सी.टी.वी. कैमरे की फुटेज भी मिली है जिसमें युवती अकेली वापस आती नजर आ रही है। फुटेज कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

घायल युवती की ममेरी बहन ने बताया कि एक साल बाद वह श्रीनगर से उनके घर आई है। मोहल्ले का एक युवक कुछ दिनों से उसे परेशान कर रहा था। युवक उसे बार-बार पार्क में मिलने की बात कह रहा था। 2 दिन पहले उसकी बहन रो रही थी। जब उसने कारण पूछा तो उसने बताया था कि उक्त युवक रोजाना घर के सामने एक्टिवा पर बैठा रहता था और उसे परेशान करता था। उसे बार-बार पार्क में मिलने के लिए बुलाता था। जब वह मना करती थी तो जान से मारने की धमकियां देता था। वह किसी काम से गई थी, जब वह पार्क के पास से जब गुजर रही थी तब युवक ने अपने साथी के साथी के साथ मिलकर उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। उसके सिर पर गहरी चोटें आई हैं। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

उधर, ए.सी.पी. सुखनाज सिंह गिल का कहना है कि किसी ने युवती के सिर पर तेजधार हथियार से हमला किया है। इलाके के सी.सी.टी.वी. कैमरे चैक किए जा रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News