Ludhiana: Factory के 3 मालिकों पर सवा 7 Crore हड़पने का आरोप! 30 महीने बाद केस दर्ज़
punjabkesari.in Tuesday, Aug 22, 2023 - 09:25 PM (IST)

लुधियाना (तरुण): महानगर के एक व्यापारी ने 2019 में एक फैक्टरी के 3 मालिकों को पौने 8 करोड़ का माल उधार दिया था। जिसमें से आरोपियों ने करीब 50 लाख की पेमेंट का भुगतान किया। लॉकडाउन के बाद फैक्टरी मालिकों ने बकाया पेमेंट का भुगतान नहीं किया। कई मीटिंगों का दौर चला परंतु फैक्टरी मालिकों की नीयत बदल गई। जिसके बाद पीड़ित उमेश निवासी अग्र नगर ने 30 महीने संघर्ष किया और आरोपी पक्ष के खिलाफ साजिश व धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाने में कामयाब हुआ।
पीड़ित उमेश ने बताया कि वह इंपोर्टर है। वह विदेश से कपड़ा तथा अन्य कच्चा मटीरियल/सामान इंपोर्ट कर महानगर में बेचता है। उसने अमन ठुकराल, शिवम ठुकराल व रमन ठुकराल को 7.74 करोड़ रुपए का माल दिया था। जिसमें से उसे मात्र 50 लाख की पेमेंट बैंक के ज़रिए प्राप्त हुई। उसने बकाया रकम के लिए कई बार उक्त फैक्टरी के मालिकों के पास कई चक्कर काटे। कई रसूखदार लोगों के साथ बैठकें हुईं परंतु नीयत बदल जाने के कारण उक्त फैक्टरी मालिकों ने लॉकडाउन के बाद पेमेंट का भुगतान नहीं किया।
करीब 30 महीने उसने अदालत, ई.ओ. विंग और थाने के सैंकड़ों चक्कर काटे। इस दौरान महानगर के 2 पुलिस कमिश्नरों का भी तबादला हुआ। कई पुलिस उच्चाधिकारी इस केस की जांच में जुटे। आरोपियों ने सारे हथकंडे अपनाए परंतु अंत में सुंदर नगर स्थित थ्री ब्रदर्स, शिवम फैब्रिक्स इत्यादि करीब 6 फर्मों के मालिक अमन ठुकराल, शिवम ठुकराल व रमन ठुकराल के खिलाफ थाना डिवीज़न नंबर 3 की पुलिस ने धारा 406, 420 व 120बी के तहत आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज़ कर लिया है।
इस संबंधी थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस उच्चाधिकारियों की जांच पड़ताल के बाद थाने में एफ.आई.आर. दर्ज़ करने के उन्हें निर्देश मिले हैं। पुलिस ने करोड़ों के गबन करने के आरोप में केस दर्ज़ किया है। फिलहाल पुलिस ने इस केस में आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
दूसरे व्यापारी ने ठगे 30 लाख रुपए
पीड़ित उमेश ने बताया कि आरोपी ठुकराल बंधुओं की सिफारिश पर उन्होंने एक अन्य व्यापारी को करीब 91.30 लाख रुपए का धागा उधार दिया था। जिसमें से 56.30 लाख रुपए बैंक के ज़रिए प्राप्त हुए। बकाया 30 लाख रुपए की रकम आरोपी ने हड़प ली। जिसके बाद थाना डिवीज़न नंबर 3 की पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में पीड़ित उमेश कुमार निवासी अग्र नगर के बयान पर कैलाश चंद लड्डा केयर ऑफ मैसर्स नंदराम गजानंद चौड़ी सड़क के खिलाफ केस दर्ज़ किया है। इस केस में भी पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here