लुधियाना में टेक्सटाइल फैक्ट्री को चोरों ने बनाया निशाना, दफ्तर का शीशा तोड़कर 8 लाख का धागा चोरी
punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 09:35 AM (IST)
लुधियाना, (राज): महानगर में स्थित एक टैक्सटाइल फैक्ट्री को निशाना बनाते हुए अज्ञात शातिर चोरों द्वारा लाखों रुपये कीमत का धागा चोरी करने का मामला सामने आया है। चोर फैक्ट्री के दफ्तर का शीशा तोड़कर बाहर रखे धागे के कीमती बोरे समेट कर रफूचक्कर हो गए। चोरी हुए माल की कुल कीमत करीब 7 से 8 लाख रुपये बताई जा रही है। फैक्ट्री के सुपरवाइजर की शिकायत पर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता ने बताया कि वह 'एन.पी. टैक्सटाइल' में बतौर सुपरवाइजर कार्यरत है। बीते 30 अगस्त की सुबह करीब 8:00 बजे जब वह रोजाना की तरह ड्यूटी पर दफ्तर पहुंचा, तो उसने देखा कि 100 फुटा रोड की तरफ लगा दफ्तर का शीशा टूटा हुआ था। जब उसने आसपास और बाहर रखे स्टॉक की जांच की, तो दफ्तर के बाहर रखे धागे के कई बोरे गायब मिले। पीड़ित के अनुसार, गायब हुए बोरों में उच्च गुणवत्ता का धागा भरा हुआ था, जिसकी कुल कीमत करीब 7 से 8 लाख रुपये बनती है। अज्ञात चोर रात के अंधेरे में किसी वाहन पर यह सारा माल लादकर मौके से फरार हो गए। सुपरवाइजर ने तुरंत इस घटना की जानकारी फैक्ट्री मालिकों और संबंधित थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। सुपरवाइजर के बयानों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि 100 फुटा रोड और आसपास की फैक्ट्रियों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरी में इस्तेमाल किए गए वाहन और संदिग्धों का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ट्रेस कर चोरी का माल बरामद कर लिया जाएगा।

