तांत्रिक बनकर ठग ने व्यक्ति को फंसाया, मुसीबतों से पीछा छुड़ाने का झांसा देकर कर दी हद पार
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 10:18 AM (IST)
लुधियाना (राज): शहर में अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक शातिर ठग ने खुद को तांत्रिक बताकर एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाया और डर-धमकाकर उसकी गाढ़ी कमाई पर डाका डाल दिया। पीड़ित सुखजीत सिंह की शिकायत पर थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने आरोपी सुमित राजपूत के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
मुसीबतों से पीछा छुड़ाने का दिया तांत्रिक ने झांसा
शिकायतकर्ता सुखजीत सिंह ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि आरोपी ने खुद को तांत्रिक बताकर उसे अपनी बातों के जाल में उलझा लिया। आरोपी ने उसे भविष्य और परिवार को लेकर तरह-तरह के डर दिखाए और उन मुसीबतों से पीछा छुड़ाने का झांसा देकर उससे कुल 73,000 रुपए ऐंठ लिए। पीड़ित के अनुसार, उसे मानसिक रूप से इतना डरा दिया गया था कि उसने अपनी जमा-पूंजी आरोपी के हवाले कर दी।
दहशत में पूरा परिवार
जब पीड़ित को अहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है और उसने आरोपी से अपने 73,000 रुपए वापस मांगे, तो कथित तांत्रिक ने अपना असली रंग दिखा दिया। पैसे लौटाने के बजाय आरोपी अब पीड़ित को सरेआम जान से मारने की धमकियां दे रहा है। पीड़ित ने बताया कि आरोपी उसे गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे रहा है, जिससे उसका पूरा परिवार दहशत में है।

