Ludhiana में 1.60 करोड़ की ठगी, बिना ईंधन बिजली बनाने वाली मशीन का दिया झांसा

punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 08:40 AM (IST)

लुधियाना (राज): बिना किसी ईंधन, तेल या पानी के बिजली पैदा करने वाली मशीन का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1.60 करोड़ रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को आधुनिक ऊर्जा तकनीक का जानकार बताकर पीड़ित को 'काइनेटिक मोशन मशीन' दिलवाने और भारी मुनाफा कमाने के सब्जबाग दिखाए।

करोड़ों रुपये ऐंठने के बाद आरोपी न तो मशीन उपलब्ध करवा सका और न ही पीड़ित के पैसे वापस किए। इस मामले में पुलिस ने बसंत एवेन्यू निवासी आरोपी रमनदीप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य संगीन धाराओं के तहत आपराधिक केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को दी शिकायत में जसमील सिंह ग्रेवाल ने बताया कि आरोपी रमनदीप सिंह उनके साथ संपर्क साधा। आरोपी ने दावा किया कि उसके पास एक ऐसी अत्याधुनिक 'काइनेटिक मोशन मशीन' की तकनीक और सप्लायर्स का नेटवर्क है, जो बिना किसी डीजल, पेट्रोल, कोयले या पानी के लगातार भारी मात्रा में बिजली पैदा कर सकती है। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि इस प्रोजेक्ट में निवेश करने और मशीन स्थापित करने से भविष्य में बिजली पर होने वाला खर्च शून्य हो जाएगा और भारी आर्थिक लाभ मिलेगा।

आरोपी की मीठी-मीठी बातों और तकनीकी दावों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने उस पर पूरा भरोसा कर लिया। मशीन की खरीद और प्लांट लगाने के नाम पर आरोपी रमनदीप सिंह ने अलग-अलग किश्तों में कुल 1 करोड़ 60 लाख रुपये की रकम हासिल कर ली। रकम लेने के बाद आरोपी लंबे समय तक मशीन की डिलीवरी देने में टालमटोल करता रहा। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी मशीन नहीं आई, तो पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। उसके द्वारा अपने पैसे वापस मांगने पर आरोपी साफ मुकर गया और जान से मारने की धमकियां देने लगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News