खुशखबरी! लुधियाना वासियों को केंद्र सरकार की बड़ी सौगात, अब भीषण गर्मी से मिलेगी राहत
punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 08:54 PM (IST)
लुधियाना: भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान से जूझ रहे लुधियाना के लिए राहत भरी खबर है। शहर को हीट रेजिलिएंस पायलट प्रोजेक्ट के तहत देश के 12 शहरों में शामिल किया गया है। इस योजना के तहत केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) नगर निगम लुधियाना को 5 करोड़ रुपये की सहायता देगा।
यह प्रोजेक्ट नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स (NIUA) की ओर से चुना गया है। इस फंड का इस्तेमाल रिहायशी और सरकारी इमारतों पर कूल और ग्रीन रूफ, हाइड्रेशन प्वाइंट्स, पब्लिक टॉयलेट्स और मौसम निगरानी प्रणाली को अपग्रेड करने जैसे कार्यों पर किया जाएगा।
15 महीनों में लागू होगी योजना
नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार के मुताबिक, यह प्रोजेक्ट 15 महीनों में लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य लुधियाना को हीट-रेजिलिएंट और क्लाइमेट-रेस्पॉन्सिव शहर बनाना है, ताकि गर्मी के असर को कम किया जा सके।
उन्होंने बताया कि शहर के अलग-अलग इलाकों में तापमान और हरियाली की स्थिति अलग-अलग है। जोन D में अपेक्षाकृत हरियाली ज्यादा है, जबकि जोन A और B जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में गर्मी का असर अधिक महसूस होता है। ऐसे में इस योजना का फोकस खासतौर पर कमजोर और जरूरतमंद वर्ग पर रहेगा, जो कूलर या एसी जैसी सुविधाएं नहीं जुटा सकते।
योजना के तहत क्या-क्या होगा
- रिहायशी और सरकारी इमारतों पर कूल और ग्रीन रूफ
- सार्वजनिक स्थानों पर छायादार जगहों का निर्माण
- अतिरिक्त हाइड्रेशन प्वाइंट्स और पब्लिक टॉयलेट्स
- मौसम निगरानी प्रणाली को आधुनिक बनाना
इन कार्यों से पहले नगर निगम सिटी-लेवल बेसलाइन सर्वे कराएगा, ताकि उन इलाकों की पहचान की जा सके जहां हीट स्ट्रेस सबसे ज्यादा है। फिलहाल, यह प्रोजेक्ट लुधियाना के लिए राहत और उम्मीद लेकर आया है। हालांकि, स्थायी समाधान के लिए हरियाली बचाने, बेहतर शहरी योजना और पर्यावरण संरक्षण पर गंभीरता से काम करना जरूरी होगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

