लुधियाना के सरकारी स्कूल के विवाद ने पकड़ा तूल, समर्थन में उतरा पूरा स्टाफ
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 11:44 AM (IST)
लुधियाना (विक्की): सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल मोती नगर में विवाद गहरा गया है। स्कूल की ही एक अध्यापिका द्वारा हेड टीचर पर लगाए गए जातिवाद और मानसिक परेशानी के आरोपों को स्कूल के समूह स्टाफ ने सिरे से नकार दिया है। स्टाफ ने एक संयुक्त बयान जारी कर हेड टीचर सुखधीर सिंह सेखों का समर्थन करते हुए कहा कि अध्यापिका नरिंदर पाल कौर अपनी विभागीय कमियों को छुपाने के लिए शर्मनाक आरोप लगा रही हैं।
हेड टीचर सुखधीर सिंह सेखों ने बताया कि नरिंदर पाल कौर द्वारा समय-समय पर अपनी शिकायतों में बदलाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 1 दिसंबर 2025 को की गई पहली शिकायत में अध्यापिका ने केवल मानसिक परेशानी और सर्वे करने के लिए कहने के आरोप लगाए थे। लेकिन 21 जनवरी को इसमें रंग-रूप और जातिवाद के आरोप जोड़ दिए गए। इसके बाद 7 फरवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने सेक्सुअल हैरासमेंट, जबरन पैसे लेना और बाथरूम बंद करने जैसे नए व गंभीर आरोप लगा दिए।
सेखों ने स्पष्ट किया कि अध्यापिका के पास इन आरोपों को सिद्ध करने के लिए कोई सबूत नहीं है और वे केवल जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद 10 जनवरी को जिला शिक्षा अधिकारी (डी.ई.ओ.) को पत्र लिखकर जांच की मांग की थी, लेकिन नरिंदर पाल कौर जांच अधिकारी को सहयोग नहीं कर रही हैं। स्टाफ ने आरोप लगाया कि अध्यापिका द्वारा कक्षा में सोने के लिए माफी भी मांगी गई थी और अब वह छवि खराब करने की कोशिश कर रही हैं। समूह स्टाफ ने मांग की है कि इस मामले की जांच जल्द पूरी कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। इस अवसर पर समूह अध्यापकों के बयान, शिकायत की कापियां और अन्य दस्तावेज भी मीडिया के साथ साझा किए गए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

