लुधियाना में फिल्मी स्टाईल में हाईवोल्टेज ड्रामा, शख्स ने खुद ही ढूंढ निकाली चोरी की एक्टिवा और फिर...

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 03:26 PM (IST)

लुधियाना (राज): जालंधर बाईपास स्थित दाना मंडी इलाके में उस समय फिल्मी मंजर देखने को मिला, जब एक शख्स ने अपनी चोरी हुई एक्टिवा को खुद ही ढूंढ निकाला। महज कुछ मिनटों के भीतर हुई इस बरामदगी ने न सिर्फ चोरों के होश उड़ा दिए, बल्कि इलाके में भारी हंगामा भी खड़ा कर दिया। मामला तब और गरमा गया जब गुस्से में आए लोगों ने एक्टिवा चोरी करने वाले युवक को काबू कर उसकी जमकर छित्तर-परेड कर दी। इस पूरे ड्रामे की वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, चंद्र नगर का रहने वाला एक व्यक्ति, जो ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पेट पालता है, अपनी पत्नी के साथ मॉडल टाउन स्थित बाबा दीप सिंह जी गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने गया था। जब वह माथा टेककर घर लौट रहा था, तभी उसे फोन पर सूचना मिली कि घर के बाहर खड़ी उसकी एक्टिवा चोरी हो गई है। चोरी की खबर सुनकर वह परेशान हो गया और तेजी से घर की ओर निकला। लेकिन कुदरत का करिश्मा देखिए, जैसे ही वह जालंधर बाईपास के पास दाना मंडी इलाके में पहुंचा, उसकी नजर सड़क किनारे खड़ी अपनी ही एक्टिवा पर पड़ गई। एक्टिवा के पास ही एक युवक और एक महिला संदिग्ध हालत में मौजूद थे। जैसे ही पीड़ित ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, दोनों ने वहां से भागने की कोशिश की। शोर मचते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पीछा करके दोनों को दबोच लिया। फिर क्या था, बेखौफ होकर चोरी करने वाले युवक पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और मौके पर ही उसकी जमकर धुनाई कर दी गई। पिटाई का स्वाद चखते ही युवक और उसकी महिला साथी ने तुरंत कबूल कर लिया कि एक्टिवा उन्होंने ही उड़ाई थी।

हंगामे के दौरान वहां काफी भीड़ जमा हो गई और कई लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में इस पूरी घटना को कैद कर लिया। हालांकि, बाद में मौके पर मौजूद कुछ लोगों के बीच-बचाव और रहम दिखाने पर ई-रिक्शा चालक ने पुलिसिया कार्रवाई के झमेले में पडऩे के बजाय दोनों को छोड़ दिया। जालंधर बाईपास पर काफी देर तक चले इस हंगामे की चर्चा अब पूरे शहर में हो रही है और लोग ई-रिक्शा चालक की किस्मत की दाद दे रहे हैं जिसे चोरी हुई चीज आधे घंटे के भीतर ही खुद-ब-खुद मिल गई।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News