लुधियाना के सुविधा सेंटर में जमकर हंगामा, स्टाफ पर लगे बदतमीजी के आरोप
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 01:29 PM (IST)
लुधियाना (गीतांजलि) : नगर निगम जोन-बी के सुविधा सेंटर में आधार कार्ड बनवाने और लिंक करवाने आए लोग शुक्रवार को काफी नाराज नजर आए। नागरिकों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से काम समय पर नहीं हो रहा और स्टाफ मनमर्जी से व्यवहार कर रहा है और बदतमीजी पर उतर आता है। स्थानीय निवासी राज कुमार ने बताया कि वह पिछले चार दिन से सुविधा सेंटर आए हुए हैं, लेकिन उन्हें लगातार टाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि “कभी पावर कट, कभी लंच टाइम और कभी ‘आज नहीं, कल आना’ कहकर हम लोगों को वापस भेजा जाता है। बच्चों को स्कूल से छुट्टी दिला कर लाते हैं, लेकिन स्टाफ की लापरवाही से काम नहीं होता।”
महिला नागरिक कविता ने बताया कि उन्हें पहले पर्ची दी गई, फिर टोकन नंबर दिया गया, लेकिन काम फिर भी नहीं हुआ। सोनिका ने कहा कि उनके परिवार के चार लोग आए थे, लेकिन टोकन केवल दो ही दिए गए। इसके अलावा, वीडियो बनाने के दौरान उन्हें धमकी दी गई। पार्षदपति सिमनजीत सिंह ने बताया कि सुविधा सेंटर में बुजुर्गों के लिए बैठने और पानी की व्यवस्था तक नहीं है। उनका कहना है कि अधिकारी केवल मेयर या विधायक के सामने अच्छा व्यवहार करते हैं, आम जनता के साथ नहीं।
कंप्यूटर ऑपरेटर गीतिका ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उनका काम केवल जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र तक सीमित है। उन्होंने बताया कि विवाद तब बढ़ा जब लोग वीडियो बनाने लगे और उन्हें रोका गया। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि आधार कार्ड और लिंकिंग के काम के लिए उचित टोकन प्रणाली लागू की जाए और स्टाफ की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को सुविधा समय पर मिल सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

