लुधियाना में चोरों का तांडव, दुकानदार ने दिखाई बहादुरी तो... सनसनीखेज है मामला

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 01:46 PM (IST)

लुधियाना (राज): थाना डिवीजन नंबर 2 के अंतर्गत आते इलाके में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें न तो कानून का खौफ रहा है और न ही पकड़े जाने का डर। देर रात चोरी करने आए दो बेखौफ युवकों ने न केवल दुकान में सेंधमारी की, बल्कि विरोध करने पर दुकानदार पर कांच की बोतलों से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। करीब 6 मिनट तक गली में चले इस खूनी ड्रामे के बाद जब मोहल्ला निवासी जागने लगे तो आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर गलियों में गायब हो गए।

crime

पीड़ित दुकानदार राजेश खन्ना ने बताया कि उनकी घर के नीचे ही करियाने की दुकान है। रात करीब ढाई से 3 बजे के बीच जब वह ऊपर अपने कमरे में सो रहे थे, तो उन्हें नीचे शटर के पास कुछ संदिग्ध आहट सुनाई दी। जब उन्होंने खिड़की से नीचे झांका तो देखा कि दो युवक दुकान के पास खड़े थे। राजेश ने बहादुरी दिखाते हुए ऊपर से ही शोर मचाया और चोरों को डराने के लिए उन पर डंडे फेंके। एक बार तो आरोपी वहां से भाग निकले, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद वे दोबारा पूरी तैयारी के साथ वापस लौटे और सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने की कोशिश करने लगे। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। 

shopkeeper attack

फुटेज में साफ दिख रहा है कि होंडा शाइन बाइक पर सवार होकर दो युवक आए, जिनमें से एक सरदार और दूसरा मोना युवक था। पीछे बैठा युवक नीचे उतरा और शातिराना अंदाज में शटर तोड़कर दुकान के भीतर दाखिल हो गया। जैसे ही राजेश खन्ना ने उन्हें रोकने के लिए डंडे से प्रहार किया, तो आरोपियों ने भागने के बजाय सड़क पर पड़ी कांच की बोतलें उठा लीं और उन पर हमला बोल दिया। इस हमले में राजेश खन्ना घायल हो गए, लेकिन उनकी बहादुरी के कारण चोर दुकान से कुछ ज्यादा ले जा पाने में नाकाम रहे। शोर-शराबा बढ़ता देख जब चोरों को लगा कि मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो सकते हैं, तो वे घबरा गए और अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने जांच में पाया कि आरोपियों की बाइक की अगली नंबर प्लेट गायब थी, जबकि पिछली प्लेट पर नंबर मौजूद था। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाइक को कब्जे में ले लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावर चोरों की पहचान की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News