Ludhiana के मशहूर Hotel पर Raid, सैलून और कमरे भी किए सील

punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 03:45 PM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर के भाई वाला चौक स्थित प्रतिष्ठित फाइव स्टार होटल 'पार्क प्लाजा' में गुरुवार सुबह बैंक अधिकारियों और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने अचानक दबिश दी। करोड़ों रुपये के बैंक लोन विवाद को लेकर की गई इस कानूनी कार्रवाई के तहत टीम ने होटल के सैलून के साथ-साथ 7वीं और 8वीं मंजिल पर बने कमरों को सील कर दिया है। कार्रवाई के दौरान होटल के मुख्य द्वार पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जबकि बैंक व पुलिस के आला अधिकारी अंदर दस्तावेजों की जांच और सीलिंग प्रक्रिया में जुटे रहे।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, होटल प्रबंधन पर विभिन्न बैंकों का करोड़ों रुपये का कर्ज बकाया है, जिसे लेकर लंबे समय से बैंक और प्रबंधन के बीच विवाद चल रहा है। अदालत द्वारा होटल प्रबंधन को बकाए के निपटारे और पेशी को लेकर चार बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन प्रबंधन की तरफ से कोई संतोषजनक जवाब या कदम नहीं उठाया गया। नोटिसों की अनदेखी के बाद आखिरकार आज कोर्ट की टीम और बैंक अधिकारियों ने पुलिस बल को साथ लेकर मौके पर रिकवरी व सीलिंग की कार्रवाई शुरू की। होटल परिसर में स्थित सैलून को सील किया गया। 7वीं और 8वीं मंजिल पर स्थित कमरों को सील कर आधिकारिक नोटिस चस्पा किए गए। अधिकारियों की मौजूदगी और गेट पर पुलिस बल की तैनाती के बावजूद होटल का सामान्य कामकाज बंद नहीं हुआ। होटल में ठहरे अन्य मेहमानों की आवाजाही और रेस्टोरेंट सहित बाकी जरूरी सेवाएं आम दिनों की तरह सुचारू रूप से चलती रहीं। कार्रवाई किस विशिष्ट बैंक के ऋण या एनपीए मामले के तहत की गई है, इसको लेकर अभी तक बैंक व पुलिस अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। होटल प्रबंधन से भी संबंधित दस्तावेजों को लेकर पूछताछ जारी है।

उल्लेखनीय है कि यह फाइव स्टार होटल कांग्रेस के पूर्व विधायक जसबीर सिंह (जस्सी) खंगूड़ा का है। खंगूड़ा पंजाब की सियासत में एक चर्चित चेहरा रहे हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद वे कांग्रेस छोड़कर 'आप' में शामिल हो गए थे और पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के बेहद नजदीकी माने जाते थे। केजरीवाल के लुधियाना दौरों के दौरान उनके ठहरने की व्यवस्था अक्सर इसी होटल में होती थी। हालांकि, बाद में खंगूड़ा ने 'आप' को अलविदा कहकर दोबारा कांग्रेस का दामन थाम लिया था और वर्तमान में वह मलेरकोटला जिले के अमरगढ़ हलके से अपनी राजनीतिक दावेदारी कर रहे हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Related News