लुधियाना में स्वतंत्रता दिवस की धूम, PAU ग्राउंड में वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने फहराया तिरंगा

punjabkesari.in Saturday, Aug 15, 2026 - 01:07 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) के एथलेटिक्स ग्राउंड में पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। समारोह में पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड का निरीक्षण किया व मार्च पास्ट की सलामी ली।

डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने बताया कि समारोह की शुरुआत सुबह 9:00 बजे ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वजारोहण के बाद विधायक दलजीत ग्रेवाल भोला भी समारोह स्थल पर पहुंचे। समारोह के दौरान पंजाब पुलिस, होमगार्ड्स और एनसीसी की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। इसके पश्चात विभिन्न शिक्षण संस्थानों के स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति और पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए रंगारंग कार्यक्रम और कोरियोग्राफी पेश कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

समारोह के दौरान वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सामाजिक, शैक्षणिक, खेल और प्रशासनिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों व गणमान्य नागरिकों को विशेष रूप से सम्मानित किया। इस अवसर पर जरूरतमंद दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ट्राईसाइकिल भी वितरित की गईं।
इस दौरान कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। डीसीपी हरपाल सिंह ने बताया कि शहर में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। उन्होंने बताया कि पीएयू ग्राउंड सहित शहर के सभी प्रवेश व निकास द्वारों पर विशेष नाकेबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग की गई और पीसीआर टीमें संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त करती रहीं, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हुआ।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News