Ludhiana : नगर निगम ने औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से की अहम बैठक,  दिए ये निर्देश

punjabkesari.in Tuesday, Sep 03, 2024 - 08:42 PM (IST)

लुधियाना (हितेश) : शहर में कूड़ा प्रबंधन में सुधार के लिए एक और कदम बढ़ाते हुए नगर निगम ने औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की, ताकि उन्हें उनकी औद्योगिक इकाइयों में रिफ्यूज-ड्रिव्ड फ्यूल (आर.डी.एफ.) का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।

मंगलवार को नगर निगम ज़ोन ए दफ्तर में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त इंदरपाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें लगभग 20 औद्योगिक इकाइयों के मालिकों ने भाग लिया। बैठक में चीफ सैनेटरी इंस्पेक्टर (सी.एस.आई), कम्युनिटी डेवलपमेंट ऑफिसर (सी.डी.ओ.), कम्युनिटी फैसिलिटेटर (सी.एफ.) समेत अन्य भी उपस्थित थे। औद्योगिक इकाइयों के मालिकों को अपने-अपने यूनिटों में ईंधन के रूप में कम से कम 5 प्रतिशत आर.डी.एफ. का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उद्योग के प्रतिनिधियों ने आर.डी.एफ. को अपनाने की इच्छा जताई और इस बारे में कुछ स्पष्टीकरण मांगे।

नगर निगम के संयुक्त आयुक्त इंदरपाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण प्रदूषण को कम करना है। औद्योगिक प्रतिनिधियों को उनके उद्योगों में आर.डी.एफ. का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए आने वाले दिनों में इसी प्रकार की और बैठकें आयोजित की जाएंगी। वहीं नगर निगम के आयुक्त संदीप ऋषि ने कहा कि शहर में कूड़ा प्रबंधन में सुधार के लिए कदम उठाए जा रहे हैं और निवासियों/उद्योगों को भी इसमें नगर निगम का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे सूखे और गीले कूड़े को अलग-अलग करके कूड़ा उठाने वालों को सौंपें ताकि कूड़े का उचित ढंग से प्रबंधन किया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News