Ludhiana के कारोबारी को धमकी! पाल जी बेकरी के मालिक से मांगी गई 20 लाख की फिरौती

punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 12:08 PM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर में कारोबारियों के भीतर गैंगस्टरों का खौफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अब शहर की  'पाल जी बेकरी' के मालिक पुलिस की शरण में पहुंचे हैं, जिन्हें जग्गू लाहौरिया गैंग के नाम पर विदेशी नंबर से कॉल कर मोटी रकम की डिमांड की गई है। थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए जांच शुरू कर लिया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में बेकरी मालिक गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह अपने भाइयों के साथ मिलकर शहर के अलग-अलग हिस्सों में बेकरी के चार आउटलेट्स चला रहे हैं। उन्हें कॉल तब आई जब गुरप्रीत मल्हार रोड स्थित अपनी दुकान पर मौजूद थे। दुकान के मोबाइल नंबर पर एक विदेशी नंबर से कॉल आई जिसे मैनेजर ने अटेंड किया। फोन करने वाले शख्स ने खुद की पहचान गैंगस्टर जग्गू लाहौरिया के रूप में देते हुए सीधे तौर पर 20 लाख रुपए की फिरौती मांग डाली।

हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने सिर्फ पैसे ही नहीं मांगे, बल्कि पुराने जख्म कुरेदते हुए धमकी दी कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो उनका हाल भी राजगुरु नगर के उस बेकरी मालिक जैसा ही किया जाएगा, जिसके साथ हाल ही में अनहोनी हुई थी। दहशत फैलाने के इरादे से आरोपी ने एक के बाद एक करीब चार से पांच बार कॉल की। गुरप्रीत सिंह ने बिना देरी किए पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद उनके बयानों के आधार पर जांच शुरू कर उस विदेशी नंबर को ट्रेस करने में जुटी है ताकि धमकी देने वाले के गिरेबान तक पहुंचा जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News