''युद्ध नशियां विरुद्ध'' मुहिम के तहत साहनेवाल पुलिस का Action

punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 04:32 PM (IST)

लुधियाना (राज): पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशा माफिया के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान के तहत थाना साहनेवाल की पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को भारी मात्रा में हेरोइन समेत गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से 102 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा (IPS) के दिशा-निर्देशों पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत डीसीपी देहाती गुरसेवक सिंह बराड़ (PPS), एडीसीपी जोन-2 करनवीर सिंह (PPS) और एसीपी साउथ अंग्रेज सिंह (PPS) की निगरानी में पुलिस टीमों ने संवेदनशील इलाकों में घेराबंदी तेज कर दी है।

पुलिस पार्टी को देखकर घबरा गया आरोपी
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, एसएचओ थाना साहनेवाल थानेदार दलबीर सिंह के नेतृत्व में चौकी कंगनवाल के इंचार्ज एएसआई नवजोत सिंह अपनी पुलिस पार्टी समेत इलाके में गश्त व संदिग्धों की चेकिंग कर रहे थे। 17 सितंबर को जब पुलिस टीम राधा स्वामी सत्संग घर गेट नंबर-03 से बापू मार्केट साइड (लोहारा रोड) के पास मौजूद थी, तभी सामने से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस पार्टी को देखकर आरोपी घबरा गया और पीछे मुड़कर तेज कदमों से खिसकने की कोशिश करने लगा। संदेह होने पर एएसआई नवजोत सिंह और उनकी टीम ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को कुछ ही दूरी पर चारों तरफ से घेरकर काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान जस्करन मंडेर उर्फ जस्सी (पुत्र सुरिंदर सिंह, निवासी गली नंबर 2/3, हीरो सुमन नगर, गांव जसपाल बांगर, थाना साहनेवाल, लुधियाना) के रूप में हुई है। नियमों के तहत जब राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में आरोपी की विधिवत तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 102 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। हेरोइन की व्यावसायिक खेप मिलने पर साहनेवाल पुलिस ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना साहनेवाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

जांच अधिकारियों ने बताया कि आरोपी जस्करन उर्फ जस्सी कोई साधारण नशेड़ी नहीं, बल्कि इलाके में सक्रिय सप्लायर है। उसके खिलाफ पहले भी थाना साहनेवाल में 2 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। रिमांड के दौरान पुलिस यह उगलवाएगी कि वह यह हेरोइन कहां से और किस बड़े स्मगलर से खरीदकर लाया था और शहर में किन-किन इलाकों व युवाओं को इसकी रिटेल सप्लाई की जानी थी। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ होने की पूरी संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News