लुधियाना पुलिस की हाई-टेक मुहिम सफल, 369 स्मार्टफोन किए रिकवर... लोगों के खिले चेहरे

punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 06:13 PM (IST)

लुधियाना (राज): लुधियाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोगों गायब और छीने गए स्मार्टफोन रिक्वर किए हैं। देश के इस सबसे बड़े इंडस्ट्रियल कहे जाने वाले लुधियाना शहर में जब झपटमार और शातिर चोर पलक झपकते ही लोगों का कीमती मोबाइल फोन छीनकर फरार हो जाते थे। उनकी इस वित्तीय नुकसान और मानसिक परेशानी को भांपते हुए पुलिस ने एक ऐसा डिजिटल चक्रव्यूह रचा कि झपटमारों के पसीने छूट गए। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शहर के अलग-अलग इलाकों से गायब और छीने गए कुल 369 महंगे स्मार्टफोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए हैं।

चोरी और स्नैचिंग की बढ़ती वारदातों को गंभीरता से लेते हुए लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा (IPS) ने इस पर कड़ा एक्शन लेने के निर्देश दिए थे। सीपी स्वप्न शर्मा की रहनुमाई और एडिशनल कमिश्नर रूपिंदर सिंह (IPS), डीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) हरपाल सिंह व एडीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) अमनदीप सिंह बराड़ (PPS) समेत सभी जोनल एडीसीपी की कुशल अगुवाई में खाकी ने खोए हुए मोबाइलों को रिकवर करने के लिए एक विशेष टेक्निकल मुहिम छेड़ी। इस हाई-टेक ऑपरेशन के दौरान पुलिस की साइबर विंग ने उन सभी मोबाइलों को राडार पर लिया, जिनके आईएमईआई (IMEI) नंबर भारत सरकार के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर ब्लॉक किए गए थे। 

तकनीकी माहिरों ने वैज्ञानिक और डिजिटल तरीके से जाल बिछाकर एक-एक कर कुल 369 स्मार्टफोन्स को सफलतापूर्वक ट्रेस कर रिकवर कर लिया। बरामद किए गए सभी फोन नामी कंपनियों के और काफी महंगे हैं, जिन्हें आज पुलिस ने बाकायदा एक समारोह के दौरान उनके असली वारिसों के सुपुर्द कर दिया। अपने खोए हुए फोन दोबारा हाथों में पाकर कई लोगों की आंखें खुशी से छलक उठीं और उन्होंने लुधियाना पुलिस का तहेदिल से शुक्रिया अदा किया।

इस बड़ी कामयाबी के बाद लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट ने आम जनता के हित में एक जरूरी हिदायत और अपील भी जारी की है। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि जब भी किसी नागरिक का मोबाइल फोन गुम या चोरी होता है, तो वह बिना किसी देरी के इसकी सूचना अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन या सांझ केंद्र में जरूर दर्ज करवाए। समय पर शिकायत मिलने से पुलिस फोन को तुरंत ब्लॉक कर ट्रेसिंग पर लगा सकती है, जिससे कोई भी शरारती या देश विरोधी तत्व उन मोबाइलों का गलत इस्तेमाल न कर सके और अपराधियों को समय रहते सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News