लुधियाना पुलिस की कार्रवाई, क्लबों तक ICE सप्लाई करने वाला शातिर तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 06:01 PM (IST)

लुधियाना (गीतांजलि): पंजाब सरकार की विशेष मुहिम “युद्ध नशों के विरुद्ध” के तहत लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले पदार्थ, नकदी और एक लग्जरी कार बरामद की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी के पास से 273 ग्राम हेरोइन और 61 ग्राम आइस ड्रग (ICE) बरामद की गई है, जो कि कमर्शियल मात्रा में आती है। इसके अलावा 60 हजार रुपये की ड्रग मनी और एक काली वरना कार भी जब्त की गई है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी शहर के कई नामी क्लबों में ICE की सप्लाई करता था।

यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा, IPS के निर्देशों पर की गई। DCP देहात जसकरण सिंह तेजा, ADCP जोन-4 जशनदीप सिंह गिल और ACP इंडस्ट्री एरिया-ए इंद्रजीत सिंह की देखरेख में थाना कूमकलां और चौकी कटानी कलां की पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान आरोपी को काबू किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान तरणवीर सिंह उर्फ धन्ना, निवासी गांव नीलो कलां, थाना समराला, जिला लुधियाना के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह माछीवाड़ा रोड से कोहाड़ा चौक की ओर नशा सप्लाई के लिए जा रहा है, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना कूमकलां में NDPS एक्ट की धाराओं 21, 61 और 85 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पर पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके मोबाइल फोन की जांच कर पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News