लुधियाना में जोरदार धमाका: सीवर गैस से फटी सड़क, घर का फर्श भी उड़ा

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 10:13 AM (IST)

लुधियाना (मुकेश): फोकल पॉइंट के अधीन आती जामलपुर कालोनी (एच.एम. ब्लॉक) में उस समय चीख-पुकार मच गई जब दोपहर के समय एक जोरदार धमाके से सड़क का एक हिस्सा और सीवर का गटर बुरी तरह फट गए। यह धमाका इतना जबरदस्त था कि सड़क के साथ लगते एक घर का फर्श भी हवा में उड़ गया और उसके कई टुकड़े हो गए। धमाके की आवाज सुनकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए। 

इलाका निवासी राकेश शर्मा, एम.के. राणा और संदीप कपूर ने बताया कि जिस समय ये धमाका हुआ खुशकिस्मती रही कि कोई भी व्यक्ति या बच्चा सड़क के उस हिस्से से नहीं गुजर रहा था नहीं तो कोई बड़ा नुकसान हो सकता था। लोगों ने बताया कि धमाके के बाद सीवर से तेज धुआं निकल रहा था। निवासियों के मुताबिक इस कॉलोनी में पहले भी दो-तीन बार इसी तरह सड़क और गटर फट चुके है। उस समय विभाग के अधिकारियों ने सिर्फ ऊपर से मरम्मत करके काम पूरा कर लिया था, जिसकी वजह से आज फिर यह खतरनाक स्थिति पैदा हो गई है।

धमाके के बाद लोगों का गुस्सा नगर निगम और स्थानीय पार्षद के खिलाफ फूट पड़ा। लोगों ने आरोप लगाया कि जिस जगह हादसा हुआ, उसके सामने वाले पार्क की लाइटें पिछले 6 साल से बंद हैं। हालत यह है कि अगर पार्क की लाइटें जलती हैं, तो स्ट्रीट लाइटें बंद हो जाती हैं। इस अंधेरे के कारण न तो बुजुर्ग सैर कर सकते हैं और न ही बच्चे खेल सकते हैं। इलाके के लोगों ने मांग की है कि विकास का दावा करने वाले अधिकारी और पार्षद इस गंभीर समस्या पर तुरंत ध्यान दें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News