मॉडल टाउन फाटक पर बेहोश होकर गिरा युवक, होश आया तो गायब मिली नई बाइक और मोबाइल
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 10:30 AM (IST)
लुधियाना (राज): सड़क किनारे बेसुध होकर पड़े व्यक्ति की मदद के नाम पर या मौके का फायदा उठाकर उसका सामान साफ करने का एक मामला सामने आया है। मॉडल टाउन फाटक क्रॉस करते समय अचानक चक्कर आने से गिरे एक व्यक्ति का मोटरसाइकिल और उसमें रखा मोबाइल फोन अज्ञात चोर चुराकर ले गए। होश में आने के बाद ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस ने अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता अभिषेक ने बताया कि बीते 08 मई को वह अपने काले व ब्लैक-सिल्वर रंग के मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था। जैसे ही उसने मॉडल टाउन का फाटक क्रॉस किया, तो उसे अचानक तेज चक्कर आ गया और वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। अचेत अवस्था में पड़े पीड़ित को देखकर कोई अज्ञात व्यक्ति उसे इलाज के लिए दीपक अस्पताल ले गया।
दीपक अस्पताल में इलाज के बाद जब पीड़ित को होश आया, तो वह तुरंत घटना वाली जगह (मॉडल टाउन फाटक के पास) पहुंचा। वहां जाकर देखा तो उसका बाइक मौके से गायब था। मोटरसाइकिल के साथ ही उसमें रखा उसका मोबाइल फोन भी गायब मिला। कोई अज्ञात चोर पीड़ित के बेहोश होने का फायदा उठाकर उसकी नई नवेली बाइक और मोबाइल चुराकर फरार हो गया था। पुलिस का कहना है कि मॉडल टाउन फाटक और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बाइक और मोबाइल चुराने वाले आरोपी का पता लगाया जा सके।

